आतंकवादी हाफिज सईद को बैन कर सकती है पाकिस्तान की सरकार
इंटेलीजेंस ब्यूरों (आईबी) सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान में सार्वजनिक रैली करने और सार्वजनिक जगहों पर जाने से लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद को किया जा सकता है बैन।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की नवाज शरीफ सरकार लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दावा के सरगना हाफिज सईद को बैन कर सकती है। सरकार पर हाफिज के सार्वजनिक तौर पर रैली करने और सार्वजनिक जगहों पर उसकी मौजूदगी को लेकर दबाव बढ़ रहा है। अगर पाक की नवाज सरकार ऐसी करती है तो फिर यह निश्चित तौर पर भारत के लिए किसी जीत से कम नहीं होगा।

अमेरिका और ब्रिटेन ने बनाया दबाव
भारत में इंटेलीजेंस ब्यूरों (आईबी) के सूत्रों का कहना है कि सरकार दबाव की वजह से हाफिज पर यह कार्रवाई कर सकती है। भारत हमेशा से कहता आया है कि सईद एक मोस्ट वांटेंड आतंकवादी है और मुंबई पर हुए 26/11 हमलों का मास्टरमाइंड है। इसके बावजूद वह पाक में आजाद घूमता है। भारत ने कई दफा उसकी सार्वजनिक रैलियों का विरोध किया है। इन रैलियों में वह अक्सर भारत के खिलाफ जहर उगलता है। जहां भारत ने रैलियों में दी गई उसकी स्पीच पर विरोध जताया है तो वहीं अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम ने पाक पर दबाव बनाया है। पाक को दोनों देशों की ओर से आधिकारिक रास्तों के यह साफ कहा जा चुका है कि वह सईद पर कार्रवाई करे नहीं तो कम से कम उसके भड़काऊ भाषणों पर कोई एक्शन ले। अमेरिका ने पाक को साफ बता दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ उसकी लड़ाई काफी नहीं है। पाक पर अक्सर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में चयनात्मक रहा है। अमेरिका की ओर से हाफिज सईद का भी जिक्र किया गया।
खुद को आतंकी नहीं मानता सईद
हालांकि यह बात भी साफ है कि अगर पाक सरकार ऐसा कदम उठाती है तो फिर उसे कई तरह से विरोध का सामना भी करना पड़ेगा। सईद खुद सरकार को यह कहकर चुनौती देता रहता है कि उसे यूनाइटेड नेशंस की ओर से आतंकवादी घोषित नहीं किया गया है। जहां लश्कर-ए-तैयबा को एक आतंकी संगठन घोषित किया गया है तो वहीं सईद कहता है कि उसका इस संगठन से कोई लेना-देना नहीं है। वह कहता है कि वह जमात-उद-दावा का हिस्सा है जो कि एक चैरिटेबल संस्था है। आपको बता दें कि अमेरिका ने बुधवार को लश्कर की स्टूडेंट विंग 'अल-मोहम्मदिया स्टूडेंट्स' को आतंकी संगठन घोषित किया है। इसके साथ ही संगठन के दो टॉप लीडर्स को भी बैन कर दिया है। वर्ष 2001 में अमेरिका ने लश्कर को आतंकी संगठन घोषित किया था।












Click it and Unblock the Notifications