आर्टिकल 370 चीन ने दिया बयान, कहा जम्मू कश्मीर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवादित क्षेत्र
इस्लामाबाद। चीन ने जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 के हटने के बाद पहली बार आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। चीन ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा है कि जम्मू कश्मीर अंतरराष्ट्रीय तौर पर एक विवादित क्षेत्र है और यह बात भारत को नहीं भूलनी चाहिए। चीन ने इसके साथ ही भारत सरकार के विशेष दर्जा खत्म करने वाले फैसले की आलोचना की है।

भारत को समझनी होगी बात
पाकिस्तान में चीन के राजदूत याओ जिंग ने बुधवार को अपने देश की तरफ से पहली बार आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। जिंग ने कहा जम्मू कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवादित क्षेत्र के तौर पर मान्यता मिली हुई है। याओ मीडिया से मुखातिब थे जब उन्होंने यह बयान दिया। याओ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने इस बात की भी उम्मीद जताई है कि भारत और पाक दोनों ही देश मिलकर कश्मीर के लोगों की बेहतरी के लिए विकल्प तलाशेंगे। एआरवाई न्यूज की तरफ से इस बात की जानकारी दी गई है। याओने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से तनाव बढ़ रहा है और यह क्षेत्र के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल (यूएनएससी) का स्थायी सदस्य होने के नाते उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह क्षेत्र में शांति और स्थिरता कायम करे।












Click it and Unblock the Notifications