पाकिस्तान: चर्च पर हुए हमले में मरने वालों की तादात बढ़ी, अबतक 78 की मौत
इस्लामाबाद। केन्या के नैरोबी में शॉपिंग मॉल में हुए आंतकी हमले की आंच अभी ठंडी भी नहीं हुई ती कि पाकि स्तान के पेशावर में दो आत्मघाती हमलावरों ने पुराने गिरजाघर के सामने खुद को उड़ाकर 78 लोगों को मौत की नींदी सुला दिया। 30 सेंकेड के अंतराल पर लगातार दो धमाके हुए। इस धमाकों में मरने वालों की तादात बढ़कर 78 पहुंच गई है जबकि घायलों की संख्या 120 के पार हो गई है।
एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान के अनुसार लेडी रीडिंग अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरशद जावेद ने हमले में मारे गए लोगों की संख्या की पुष्टि की है। बम निरोधक दस्ते के मुख्य अधिकारी शफकत ने इस बात की पुष्टि की है कि रविवार को पाकिस्तान चर्च नाम के चर्च से प्रार्थना के बाद बाहर आ रहे लोगों के बीच दो आत्मघाती आतंकवादियों ने बम विस्फोट किया।

विस्फोट के समय चर्च के अंदर करीब 500 से 600 लोग थे। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावरों ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी। घायलों को शहर के लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां 13 घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पेशावर के सबसे पुराने चर्चो में शामिल इस चर्च का निर्माण 1883 में करवाया गया था, तथा इस समय चर्च बहुत घनी आबादी के बीच स्थित है। चर्च के आस-पास का इलाका ईसाई समुदाय का है, तथा रविवार की प्रार्थना में बड़ी संख्या में, खासकर महिलाएं चर्च जाती हैं।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और खोजी अभियान शुरू कर दिया गया है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय पर किया गया यह अबतक का सबसे बड़ा हमला है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हमले की कड़ी निंदा की और हमले में मारे गए लोगों के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त की। शरीफ ने कहा कि आतंकवादियों का कोई मजहब नहीं होता तथा वे भोले-भाले लोगों को अपनी हिंसा का निशाना बनाते हैं, जो इस्लाम के खिलाफ है।












Click it and Unblock the Notifications