पर्चे पर 'दिल बहलाने के लिए फोन करें' लिख बंटवा दिया डांस टीचर का नंबर, और फिर...
नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा में रहने वाली एक महिला को बीते कई दिनों से फोन पर अज्ञात नंबरों से कॉल आ रहे थे। फोन करने वाले अश्लील भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। महिला ने फोन करने वाले कुछ लोगों से पूछा कि उन्हें नंबर कहां से मिला। लोगों ने बताया कि उन्हें न्यूजपेपर के साथ आए पर्चे पर उनका नंबर मिला था। महिला ने न्यूज पेपर वाले को पकड़ा, जिसके बाद चौंकाने वाली हकीकत सामने आई।

महिला ने पुलिस से मामले की शिकायत करते हुए बताया कि उसने जब न्यूजपेपर वाले से पर्चे के बारे में पूछा तो उसने कहा कि एकता सैनी ने उसे ऐसे करीब 10 हजार पर्चे बांटने को दिए थे। ये पर्चे आसपास और उन इलाकों में बांटे गए, जहां वह डांस क्लास चलाती है। पर्चे पर लिखा था कि 'अकेले लोग दिल बहलाने के लिए वहां फोन कर सकते हैं।'
महिला का कहना है कि एकता सैनी उसकी प्रतिद्वंदी है। दोनों का आपस में झगड़ा भी हुआ था। पीड़ित महिला डांस सिखाती है और सोसायटी में अपने बच्चे के साथ रहती है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications