मोबाइल टावर के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर दो मजदूरों की मौत
Noida News, नोएडा। मोबाइल टावर का टावर लगाने के लिए खोदे जा रहे 40 फीट के गड्ढे में गिरकर दो मजदूरों की मौत हो गई। साथ काम कर रहे मजदूरों ने किसी तरह उन्हें गड्ढे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों की ओर से कंपनी के सुपरवाइजर के खिलाफ शिकायत की गई। जिसके बाद कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

बताया गया कि गुरुग्राम की पीएस कंस्ट्रक्शन कंपनी मोबाइल टावर लगाने का काम कर रही है। उसे एक मोबाइल टावर लगाने का ठेका सेक्टर-99 के सुप्रीम टावर के पास दिया था। यहां टावर लगाने के लिए बेसमेंट बनाने का काम चल रहा था। इस दौरान अजयपाल (18) निवासी लखीमपुर खीरी और गौतम (19) निवासी खगडिया (बिहार) गढ्ढे में गिर गए। यहां ऑक्सीजन की कमी के चलते दोनों ही अचेत हो गए। किसी तरह दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया गया। दोनों को जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि गड्ढे में ऑक्सीजन की कमी के चलते यह हादसा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत पर कंपनी के सुपरवाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष मिश्रा का कहना है कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications
