'रक्षाबंधन पर इस बार भाई की कलाई पर नहीं बांध पाऊंगी राखी', फफक कर रो पड़ीं श्रीकांत त्यागी की बहन
नोएडा, 09 अगस्त: नोएडा की ओमैक्स सोसायटी में एक महिला से अभद्र व्यवहार करने वाले श्रीकांत त्यागी को पुलिस और एसटीएफ ने मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी के बाद उनकी बहन से मीडिया ने बात की तो वह फफक कर रो पड़ीं। दरअसल, उन्हें इस बात का डर है कि वह इस बार रक्षाबंधन पर अपने भाई की कलाई पर राखी बांध पाएंगी कि नहीं। हालांकि, गिरफ्तारी से उन्हें इस बात की खुशी है कि उनका भाई सही सलामत है। बहन ने कहा कि इस घटना के बाद से सोसायटी के लोग कमेंट करते हैं। उनका बाहर निकलना दूभर हो गया है।

महिला से बदसलूकी कर चर्चा में आया श्रीकांत त्यागी
नोएडा की पॉश ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में अवैध निर्माण का विरोध करने पर श्रीकांत त्यागी ने महिला से बदसलूकी की थी। श्रीकांत त्यागी खुद को बीजेपी नेता बताता था और अपने साथ चार-पांच गाड़ियों का काफिला लेकर चलता था। महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने का वीडियो वायरल होने के बाद त्यागी फरार हो गया था। श्रीकांत त्यागी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाने लगी। इसके बाद नोएडा पुलिस ने हरकत में आई। शुक्रवार को त्यागी के खिलाफ धारा 354 (किसी महिला पर हमला करना या आपराधिक बल का प्रयोग करना) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

'हमें शर्मिंदगी हो रही है कि यूपी में हमारी सरकार है'
इधर, श्रीकांत त्यागी के गुर्गे महिला को धमकाने के लिए ओमैक्स सोसायटी पहुंच गए। लोगों ने इन्हें पकड़ लिया और जमकर बवाल काटा। पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बीजेपी सांसद महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह खुद मौके पर पहुंचे। सांसद महेश शर्मा ने सोसायटी में ही खड़े होकर मीडिया के सामने अवनीश अवस्थी को फोन किया और कहा कि 'मुझे शर्मिंदगी हो रही है कि यूपी में हमारी सरकार है।' ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सांसद ने पीड़ित महिला को आश्वासन दिया था कि त्यागी 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मेरठ से गिरफ्तार हुआ श्रीकांत त्यागी
श्रीकांत त्यागी को मंगलवार को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने उसे मेरठ से गिरफ्तार किया है। यहां वह अपने करीबी के घर पर छिपा हुआ था। पुलिस ने त्यागी को 3 लोगों के साथ धर दबोचा है। 25 हजार के इनामी त्यागी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों के साथ ही एसटीएफ को भी लगाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications