गौतमबुद्ध नगर: 3 मई तक बढ़ाई गई धारा 144, कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद गौर सिटी 14 एवेन्यू सील
नोएडा। देश में कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने तीन मई तक लॉकडाउन बढ़ाए जाने का ऐलान किया है। पीएम के ऐलान के बाद गौतमबुद्ध नगर में मंगलवार को धारा 144 तीन मई तक लागा दी गई है। अपर पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि गौतम बुध नगर जनपद में धारा 144 तीन मई तक लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 की वजह से जनपद में कई जगह हॉटस्पॉट चिन्हित कर, उन्हें सील किया गया है। उधर, 14 एवेन्यू गौर सिटी में कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने के बाद दादरी के उपजिलामजिस्ट्रेट राजीव कुमार राय ने गौर सिटी और उसके आसपास के क्षेत्र को तीन मई रात 12 बजे तक पूर्ण रूप से सील करने और क्षेत्र में प्रवेश और निकास व वाहनों के संचालन (इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर) को प्रतिबंधित किए जाने का आदेश दिया है।

आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
लॉकडाउन के दौरान सभी राजनीतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, खेल संबंधी आयोजन, किसी भी प्रकार की प्रदर्शनी, रैलिया, जुलूस तथा इस प्रकार के अन्य सभी कार्यक्रमों को पूरी तरह से बैन किया गया है। अपर पुलिस उपायुक्त ने कहा कि जो भी व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ धारा 188 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। नोएडा के हॉटस्पॉट में निराला ग्रीनशायर सोसायटी, ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन, हाइड पार्क सोसायटी सेक्टर 78, पाम ओलंपिया, गौर सिटी 2, ग्रेटर नोएडा पश्चिम, चैरा- सेक्टर 44, लॉजिक्स ब्लॉसम काउंटी सेक्टर 137, सुपरटेक कैपटाउन सेक्टर 74, चैदह विलेज सेक्टर 22, अल्फा 1 ग्रेटर नोएडा, ग्रैंड ओमेक्स सेक्टर 93, लोटस बुलेवार्ड-सेक्टर 100, सेक्टर 37, सेक्टर 41, जेपी विशटाउन सेक्टर -128, स्टेलर ओमीक्रान ग्रेटर नोएडा, महक रेजीडेंसी ग्रेटर नोएडा हैं।
3 मई तक के लिए बढ़ा लॉकडाउन
बता दें, कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 दिनों के लिए लॉकडाउन का आगे बढ़ा दिया है। देश में अब 3 मई तक के लिए लॉकडाउन जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा कि देशवासियों ने परेशानी सहकर कोरोना वायरस के खतरे को काफी हद तक टाला है। पीएम मोदी ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान कुछ छूट दी जाएंगी, लेकिन अगर कोरोना वायरस ने किसी भी क्षेत्र में कदम रखा तो दी गई छूट तुरंत वापस ले ली जाएगी। इस दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों से सात बातों के लिए उनसे उनका सहयोग भी मांगा।












Click it and Unblock the Notifications