दिल्ली ने खोले बॉर्डर लेकिन नोएडा में वाहनों को बिना पास के अनुमति नहीं, सीमाओं पर लगा लंबा जाम
नोएडा। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश और हरियाणा के सभी बॉर्डर आज से खोल दिए गए हैं। अब उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और नोएडा, हरियाणा के गुड़गांव और फरीदाबाद बॉर्डर से लोगों को दिल्ली जाने में कोई परेशानी नहीं हो रही है। हालांकि, नोएडा की सीमा में दिल्ली से प्रवेश करने करने वाले वाहनों को बिना अनुमति पास के प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इसके कारण जगह जगह पर लंबा जाम लगा हुआ है। जाम लगने का एक कारण यह भी है कि 8 जून से अनलॉक-1 में काफी कुछ खुल गया है। इसके कारण बड़ी संख्या में लोग नोएडा अपने ऑफिस आना चाह रहे हैं, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं मिल पा रहा है।
Recommended Video

नोएडा बॉर्डर अभी भी सील, सीमाओं पर लगा लंबा जाम
नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाले डीएनडी पर दिल्ली ने बॉर्डर खोलने का आदेश जारी कर दिया है। इसके बाद लोगों को उम्मीद थी कि नोएडा की ओर से भी बॉर्डर खोल दिए जाएंगे, लेकिन जिला प्रशासन ने नोएडा दिल्ली बॉर्डर को खोलने पर कोई फैसला नहीं लिया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के बाद 21 अप्रैल को जिला प्रशासन ने नोएडा बॉर्डर को सील कर दिया था और तभी से यह बॉर्डर सील चला आ रहा है। यही कारण है कि वाहनों को बिना अनुमति के प्रवेश नहीं दिया जा रहा है और डीएनडी समेत नोएडा-दिल्ली की सीमाओ पर वाहनों का जमावड़ा लगा हुआ है और उनकी पुलिस के साथ नोक-झोक चल रही है।

सिर्फ पास धारकों को ही नोएडा में मिलेगा प्रवेश
डीसीपी जोन प्रथम संकल्प शर्मा ने कहा कि बॉर्डर को खोलने के संबंध अभी तक कोई आदेश नहीं मिला है और जब तक कोई नया आदेश जारी नहीं होता तब तक यथास्थिति बरकरार रहेगी और सिर्फ पास धारकों को ही नोएडा में प्रवेश दिया जाएगा। सोमवार को बॉर्डर के इलाकों पर भारी भीड़ की उम्मीद है, इसलिए वहां पर अतिरक्त फोर्स की व्यवस्था की जा रही है।

गौतमबुद्धनगर में कोरोना के 21 नए मामले
बता दें, गौतमबुद्धनगर में सोमवार को कोरोना वायरस के 21 नए मामले सामने आए, जबकि 10 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। जिले में अब तक 423 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। गौतमबुद्धनगर में अभी 221 एक्टिव केस हैं। कोरोना वायरस से जिले में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी के साथ गौतमबुद्धनगर में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 653 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications