युवती के बहन से थे समलैंगिक संबंध, प्यार चढ़ा परवान तो उठाया ये बड़ा कदम
नोएडा, 16 मई: ग्रेटर नोएडा के दनकौर में एक महीने से घर से गायब दो बहनों को पुलिस ने ढूंढ लिया है। पुलिस को जब दोनों के गायब होने और एक साथ रहने की वजह पता चली तो पुलिस भी हैरान रह गई। दरअसल, दोनों युवती समलैंगिक हैं। उन्होंने घर से भागने के बाद दिल्ली के एक मंदिर में शादी कर ली थी और एक स्थान पर एक साथ रह रही थीं। पुलिस ने दोनों युवतियों को उनके मनचाहे स्थान पर पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया है।

20 अप्रैल को घर से गायब हो गई थी दोनों बहनें
दनकौर के एक गांव में रहने वाली दो युवतियां बीते 20 अप्रैल को घर से अचानक लापता हो गई थीं। काफी तलाश के बाद जब दोनों का कही पता नहीं लगा तो परिजनों ने दनकौर और दिल्ली के थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। इस बीच पुलिस को दोनों का सुराग मिला और शनिवार को पुलिस ने दोनों युवतियों को तलाश कर लिया।

एक युवती पति के रूप में तो दूसरी दुल्हन के रूप में मिली
पुलिस जब दोनों युवतियों के पास पहुंची तो उन्हें देखकर हैरान रह गई। दरअसल, एक युवती पति के रूप में थी तो दूसरी युवती दुल्हन के कपड़ों में थी। इसके बाद ही पुलिस को दोनों के समलैंगिक होने की जानकाी हुई। पुलिस ने युवतियों के बयान दर्ज कराए और परिजनों को बुलाकर बात कराई। परिजनों के सामने युवतियों ने घर जाने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह पति-पत्नी की तरह एक साथ जीवन बिताएंगी। उनको एक साथ रहने दिया जाए।

युवतियों ने बताया क्यों की भागकर शादी ?
युवतियों ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से एक साथ गई थीं। उनके रिश्ते को लेकर परिवारवाले कभी राजी नहीं होते इसलिए भागकर शादी की। युवतियों ने परिजनों से खतरे का अंदेशा जताया तो पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी कि अगर युवतियों को कुछ हुआ तो उसके जिम्मेदार परिजन होंगे।

पुलिस ने क्या कहा ?
इस मामले में दनकौर कोतवाली निरीक्षक राधा रमण सिंह ने कहा कि दोनों युवतियों ने समलैंगिक संबंधों के चलते शादी कर ली। दोनों बालिग हैं। अपनी मर्जी से एक दूसरे के साथ ही रहना चाहती हैं। उन्हें एक परिचित रिश्तेदार के साथ सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications