बदमाश ने ठेकेदार के सिर में बंदूक सटा कर मारी गोली, CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली वारदात
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र गामा-2 में अज्ञात बदमाशों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर बदमााश आराम से फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस अब सीसीटीवी की मदद से हमलावरों की तलाश में जुटी है।

सिर में बंदूक सटाकर मारी गोली
ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के गामा-2 सेक्टर में ठेकेदार नीरज मंगलवार की देर शाम अपने दो साथियों के साथ मार्केट के पास खड़ा होकर बात कर रहा था। तभी दो बदमाश पीछे की ओर से आए और वहां खड़े नीरज के सिर में गोली मार दी।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
गोली लगते ही नीरज नीचे गिर गया इस दौरान बदमाशों ने एक गोली और नीरज के ऊपर चला दी। घटना को अंजाम देकर बदमाश वहां से फरार हो गए। इस दौरान गोली चली तो नीरज से बात कर रहे दोनों लोग भी जान बचाने को भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद नीरज को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की यह पूरी घटना पास ही एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार, नीरज गौतमबुध नगर के जिला पंचायत में ठेकेदार का काम किया करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गयी है। एसपी ग्रेटर नोएडा विनित जसवाल का कहना है कि सीसीटीवी की फुटेज से बदमाशों की पहचान कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications