सुशांत सिंह राजपूत केस: भोजपुरी स्टार रवि किशन को बॉलीवुड में Nepotism की वजह से बदलना पड़ा था अपना सरनेम
नोएडा। सुप्रीम कोर्ट ने सुशांत सिंह राजूपत की मौत मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दे दिया है। कोर्ट के इस फैसले पर भोजपुरी फिल्म स्टार और गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने खुशी जाहिर की है। रवि किशन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक परिवार की ही खुशी नहीं, बल्कि पूरे देश की खुशी का दिन है। रवि किशन ने कहा कि सुशांत सिंह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या का मामला लगता है। वहीं, बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर रवि किशन ने बताया कि उन्होंने इस वजह से ही अपने नाम के आगे से 'शुक्ला' सरनेम हटाया था।

इंडस्ट्री में नेपोटिज्म बुरी तरह हावी है: रवि किशन
रवि किशन ने कहा कि इंडस्ट्री में नेपोटिज्म बुरी तरह हावी है। उन्होंने नेपोटिज्म की वजह से काफी कुछ खोया है। उन्हें अपना सरनेम बदलना पड़ा। जब वह इंडस्ट्री में आए थे तो उन्हें पैसे कमाने थे। मां-बाप का सपना पूरा करना था। वह एक गरीब परिवार के लड़के थे, ऐसे में उन्हें अपना सरनेम तक चेंज करना पड़ा। रवि किशन ने ये भी कहा कि यूपी, बिहार सहित छोटे जिलों से आने वाले लोगों को इंडस्ट्री में नेपोटिज्म का शिकार होना पड़ता है। इन प्रदेश और जिलों से जब लोग जाते हैं तो उन्हें भईया बुलाया जाता है।

सुशांत की ही नहीं, पूरे देश के नौजवानों की लड़ाई
ये जो लड़ाई है, यह सिर्फ सुशांत सिंह राजपूत की नहीं बल्कि पूरे देश के नौजवानों की लड़ाई है कि उत्तर प्रदेश और बिहार से या किसी भी राज्य से जब कोई कलाकार मुंबई काम करने के लिए जाए तो उसे भईया ना बोला जाए। उसे इग्नोर ना किया जाए। गुटबाजी ना की जाए। रवि किशन ने कहा कि जो कलाकार भी मुंबई में काम करने जा रहे हैं उनका सम्मान होना चाहिए। उनके साथ किसी तक तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। रवि किशन बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत अच्चा काम किया है।

सुशांत सिंह मौत के मामले की जांच करेगी सीबीआई
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े केस की जांच सीबीआई को सौंपने आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने सुशांत के पिता की ओर से बिहार में दर्ज एफआईआर को सही मानते हुए आदेश दिया है कि इस मामले की जांच सीबीआई करती रहेगी। सुशांत सिंह के पिता के पटना में एफआईआर कराने के बाद बिहार सरकार की अपील पर केंद्र सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया था। रिया चक्रवर्ती ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इस केस को मुंबई पुलिंस को ट्रांसफर करने की गुजारिश की थी।

14 जून को घर में मृत पाए गए थे सुशांत सिंह राजपूत
बता दें, एक्टर सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को मुंबई में अपने घर में मृत पाए गए थे। मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही थी। सुशांत का परिवार पटना में रहता है, ऐसे में उनके पिता ने वहां रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस और सरकारों के बीच मामले को लेकर खींचतान देखने को मिल रही थी। अब मामले की जांच सीबीआई करेगी।












Click it and Unblock the Notifications