महिला पुलिसकर्मी के इश्क में पड़े शख्स ने पत्नी और 2 बच्चों का किया मर्डर,3 साल बाद यूं उठा हत्याकांड से पर्दा
महिला पुलिसकर्मी के इश्क में पड़े शख्स ने पत्नी और 2 बच्चों का किया मर्डर, 3 साल बाद यूं उठा हत्याकांड से पर्दा
कासगंज/नोएडा, 02 सितंबर: सनसनीखेज खबर उत्तर प्रदेश के नोएडा जिले से सामने आई है। यहां कासगंज पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने महिला पुलिसकर्मी के इश्क में पड़कर अपनी पत्नी और दो छोटे छोटे बच्चों की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्यारोपी ने तीनों शवों को घर के अंदर बेसमेंट में दफना दिया। किसी को पता न चले, इसलिए वहां एक सीमेंट की दीवार बनवा दी और कासगंज जिले में जाकर रहने लगा।

खुद की मौत स्वांग भी रचा
हत्यारोपी राकेश ने खुद की मौत का स्वांग भी रचा। इसके लिए उसने अपने दोस्त की हत्या कर उसके शव को मथुरा-कासगंज रेल लाइन पर फेंक दिया था। लाश की तलाशी पर पुलिस को जेब से राकेश के नाम की एलआईसी की रसीद भी मिली। वहीं, इस हत्याकांड की जांच कर रही कासगंज पुलिस ने शक के आधार पर उसे धर दबोचा। जब मामला खुला तो उसने अपनी पत्नी और अपने दो बच्चों की हत्या की बात कबूल ली।
पूछताछ में कबूला जुर्म
राकेश ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वो ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना के अंतर्गत चिपियाना बुर्ज गांव की पंच बिहार कॉलोनी रहता था। पूछताछ में बताया कि उसकी शादी 2012 में एटा की रहने वाली रत्नेश से हुई थी। राकेश ने परिवार के दवाब में आकर शादी की थी। आरोप है कि राकेश का प्रेम प्रसंग गांव की रहने वाली युवती से चल रहा था। युवती की पुलिस में भर्ती 2015 में हुई थी। वह राकेश पर शादी का दवाब बनाने लगी तो उसने 14 फरवरी 2018 को पत्नी और दो बच्चों को मार डाला।
गुमशुदगी की खुद दर्ज कराई रिपोर्ट
बेटी अवनि की उम्र दो और बेटा अर्पित की उम्र तीन साल थी। आरोप है कि वारदात में उसके पिता बनवारीलाल, मां इंद्रवती, भाई राजीव और प्रवेश शामिल थे। परिवार के लोगों ने मिलकर पत्नी में दोनों बच्चों के शवों को ठिकाने लगाने के लिए प्लान बनाकर मकान में दफना दिया। उसके बाद गुमशुदगी पुलिस में दर्ज करा दी।
3 साल बाद खुला हत्या का राज
आरोपी राकेश ने 25 अप्रैल 2021 को अपने दोस्त का मर्डर कर दिया था। उसके शव के पास अपना आधार कार्ड और एलआईसी का पेपर रख दिया। ताकि पुलिस को यह पता चले कि राकेश की हत्या हुई है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी पहचान छिपाकर कहीं रहने लगा था। जांच के बाद जब इसकी गिरफ्तारी हुई तो उसने पत्नी और दो बच्चों की हत्या का भी राज उगल दिया।
जमीन खुदाई कर निकाले गए कंकाल
आरोपी राकेश को लेकर कासगंज पुलिस ग्रेटर नोएडा वेस्ट पहुंच गई है। एसडीएम व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। राकेश की निशानदेही पर वारदात स्थल की खुदाई की गई, जहां से कंकाल निकाले गए है। वहीं महिला पुलिसकर्मी से भी पूछताछ हो रही है। आरोपी राकेश का पिता बनवारीलाल भी इस वारदात में शामिल है। वह पुलिस से रिटायर्ड है।












Click it and Unblock the Notifications