पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर पूर्व MLA गुड्डू पंडित ने समर्थकों के साथ फरसे से काटा केक, अब दर्ज हुई FIR
नोएडा। बुलंदशहर जिले की डिबाई विधानसभा सीट से पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, पूर्व विधायक गुड्डू पंडित का एक वीडियो इन दिनों खासा वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद दादरी कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक गुड्डू पंडित और 20 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच गुड्डू पंडित ने पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर अपने समर्थकों के साथ कार के बोनट पर केक रखकर फरसे से काटा। इस दौरान बिना मास्क पहने 20 से अधिक समर्थकों ने सामाजिक दूरी का भी उल्लंघन किया।
Recommended Video

FB अकाउंट पर किया था लाइव
यह वीडियो नोएडा जिले के थाना कासना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मामला तब चर्चा में आया, जब पूर्व विधायक गुड्डू पंडित का हाईवे किनारे समर्थकों के साथ जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल हुए वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि गुड्डू पंडित समेत किसी ने भी मास्क नहीं लगा रखे हैं। इसी के साथ वहां पर कोई भी समर्थक फीजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करता नहीं दिखा। वीडियो के मुताबिक, पूर्व विधायक के साथ वहां कई गाड़ियां भी नजर आ रही हैं और समर्थक फीजिकल डिस्टेंसिंक के नियमों को भूलकर जमकर जश्न मना रहे हैं। खास बात यह है कि गुड्डू पंडित के फेसबुक अकाउंट से इस पूरे आयोजन का लाइव भी किया गया था।

पुलिस ने दर्ज की FIR
उधर, पूर्व विधायक गुड्डू पंडित ने इस मामले के तूल पकड़ने पर अपनी सफाई दी है। गुड्डू पंडित का कहना है कि नोएडा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौटन के दौरान समर्थकों ने रोक लिया। इस दौरान एक समर्थक का जन्मदिन होने के चलते उसका केक मैंने काटा था। यह मेरा जन्मदिन नहीं था, मेरा जन्मदिन तो 10 जुलाई को होता है। वहीं, नोएडा (जोन-3) डीसीपी राजेश सिंह ने मीडियो को जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व विधायक गुड्डू पंडित को एक वायरल वीडियो में हाईवे पर केक काटते समय सामाजिक दूरियों के नियमों का उल्लंघन करते देखा गया। उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जाएगी

कौन हैं श्रीभगवान उर्फ गुड्डू पंडित?
नोएडा के गिझौड गांव के मूल निवासी श्रीभगवान उर्फ गुड्डू पंडित बुलंदशहर के डिबाई से और मुकेश शर्मा शिकारपुर से बीएसपी के विधायक रह चुके हैं। वे 2007 से 2012 तक बीएसपी में और 2012 से 17 तक समाजवादी पार्टी के विधायक रहे। 2017 के चुनाव से पहले विधान परिषद चुनाव में बीजेपी के पक्ष में वोट करने की वजह से उन्हें समाजवादी पार्टी ने निष्कासित कर दिया था। इससे पहले 2012 के बाद उन्हें बहुजन समाज से भी निकाला गया था। 2017 के बाद उन्होंने बीजेपी में शामिल होने की कोशिश की, मगर उन्हें सफलता नहीं मिली। इस बीच 2019 के लोकसभा चुनाव में बीएसपी ने गुड्डू पंडित को फतेहपुर सीकरी से टिकट दे दिया। वहां भी वह अपने विवादास्पद बयानों की वजह से सुर्खियों में रहे।












Click it and Unblock the Notifications