अपनों से ‘घायल’ होते भाजपा के दो उम्मीदवार
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। दिल्ली विधानसभा की दो सीटें- जनकपुरी और शाहदरा एक दौर में भाजपा का गढ़ मानी जाती थीं। पर इस बार इन दोनों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को उनके अपने ही चुनौती दे रहे हैं।

जनकपुरी में भजपा के दिग्गज नेता जगदीश मुखी के सामने उनके दामाद सुरेश कुमार हैं। उधर, शाहदरा में जितेन्द्र सिंह शंटी को उनकी बहन प्रीति से कड़ी चुनौती मिल रही है। इन दोनों सीटों के भाजपा की झोली से निकलने का भी खतरा है।
राज बब्बर का रोड शो
कांग्रेस के नेता और एक्टर राज बब्बर जनकपुरी में जमकर प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधा और लोगों से कांग्रेस पर फिर से भरोसा करने की अपील की।
जीवन पार्क में कैंपेन
कल राज ने जनकपुरी के जीवन पार्क इलाके में अपना रोड शो शुरू किया। उनके साथ कांग्रेस कैंडिडेट सुरेश कुमार और कई समर्थक भी थे। एक ओपन जीप में सवार होकर उन्होंने इलाके के लोगों से वोट मांगे। राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस के पिछले 15 सालों के सफल कामकाज को देखते हुए जनता एक बार फिर कांग्रेस की सरकार देखना चाहती है।
त्रिकोणीय मुकबला
जनकपुरी में सुरेश अपने ससुर और बीजेपी कैंडिडेट जगदीश मुखी को चुनौती दे रहे हैं। इसके अलावा आप के राजेश ऋषि भी मुकाबले में हैं। सुरेश कुमार अपने ससुर पर तमाम गड़बड़ियों के आरोप लगा रहे हैं। उन्हें भ्रष्ट बता रहे हैं। जहां तक मुखी का सवाल है, वे अपने दामाद पर सीधा हल्ला नहीं बोल रहे। वे आमआदमी पार्टी को निशाने पर ले रहे हैं।
नाक में दम किया बहन ने
उधर,ईस्ट दिल्ली की शहदरा सीट पर प्रीति ने जितेन्द्र सिंह शंटी की नाक में दम किया हुआ है। प्रीति क्षेत्र की नगर सेविका हैं। उनका तगड़ा असर है इस इलाके में। शंटी डरे हुए बताए जाते हैं। उनके हक में प्रकाश सिंह बादल, किरण बेदी आ चुके हैं कैंपेन के लिए। आज रामविलास पासवान आ रहे हैं।
चौकाने वाले नतीजे
जानकारों का कहना है कि इन सीटों में बड़ा चौकाने वाला फैसला आ सकता है। हालांकि एक राय ये भी है कि मुखी और शंटी के हक में ही रहेगा जनता का फैसला। पर ताजा सूरते हाल तो भाजपा के लिए कोई बहुत अच्छे नहीं हैं इस बात को देखते हुए कि भाजपा को हर जगह तगड़ी चुनौती मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications