शर्मिला को नहीं आता था साइकिल चलाना, शानदार ट्रेनिंग से आज दौड़ा रहीं DTC बस, दिल्ली सरकार को दिया धन्यवाद
नई दिल्ली, 17 सितंबर: दिल्ली में रहने वाली शर्मिला साइकिल तक चलाना नहीं जानती थीं। फिर उन्हें एक दिन पता चला कि दिल्ली सरकार महिलाओं को बस चलाने की ट्रेनिंग दे रही। अगर वो इस ट्रेनिंग में सफल हो जाती हैं, तो उनको डीटीसी ड्राइवर के रूप में नौकरी मिल जाएगी। इसके बाद उन्होंने अपने पैरों पर खड़े होने की ठान ली। उन्होंने तुरंत डीटीसी का फार्म भरा और मेडिकल करवाया। मेडिकल के बाद उनको ट्रेनिंग की डेट मिल गई और वो ट्रेनिंग करने आ गईं। दो महीने की कड़ी मेहनत के बाद वो बस चलाने में एक्सपर्ट हो गई हैं।

शर्मिला के मुताबिक सरकार ने महिलाओं के लिए अच्छी व्यवस्था कर रखी थी। उनको सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बस चलाना सिखाया जाता था। लगातार अभ्यास करते-करते वो बस चलाना सीख गईं। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग सोचते हैं कि महिलाएं सिर्फ घर पर रोटी बनाने के लिए हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। आज महिलाएं ट्रेन और प्लेन दोनों चला रही हैं। ऐसे में बस क्या चीज है। वो अब डीटीसी में ड्राइवर हो गई हैं। उन्होंने इस पहल के लिए केजरीवाल सरकार को धन्यवाद दिया। साथ ही बताया कि ट्रेंनिंग के दौरान कई फ्री सुविधाएं मिलीं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत को भी धन्यवाद कहा।
शर्मिला के वीडियो को दिल्ली के ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने जारी किया है। इसके साथ उसने लिखा कि मिलिए शर्मिला से। कुछ साल पहले तक शर्मिला साइकिल चलाना भी नहीं जानती थी लेकिन आज वो दिल्ली सरकार द्वारा बस ड्राइविंग की ट्रेनिंग लेकर डीटीसी की बसें चला रहीं हैं। वहीं मंत्री कैलाश गहलोत ने इस वीडियो को रीट्वीट कर लिखा कि शर्मिला जी को शुभकामनाएं। अरविंद केजरीवाल के दूरदर्शी नेतृत्व में दिल्ली सरकार का हमेशा यह प्रयास रहा है कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ें। केजरीवाल सरकार के प्रयासों द्वारा मुफ्त में बस चलाने की ट्रेनिंग लेकर शर्मिला जी जैसी कई महिलाएं समाज के लिए एक उदाहरण बन रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications