अप्रैल से मिलेंगे 12 एलपीजी सिलेंडर, सब्सिडी के लिये जरूरी नहीं आधार कार्ड
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश के मध्यम वर्ग को महंगाई से राहत देने के इरादे से रसोई गैस सिलेण्डरों की संख्या नौ से बढ़ाकर बारह कर दी है। यह योजना अप्रैल 2014 से शुरू होगी। यही नहीं एलपीजी पर सब्सिडी के लिये आधार कार्ड जरूरी नहीं होगा।
आज सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने संवाददाता सम्मेलन में यह बातें कही। गौर हो कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से मांग की थी कि देश की महिलाओं को 12 सिलेण्डर चाहिए क्योंकि अब नौ सिलेण्डरों से बात नहीं बनती है। देश में अगले तीन महीनों में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
इसके अलावा राहुल गांधी ने आज कांग्रेस समर्थकों से जवाहर भवन में बात की और चुनावी घोषणा पत्र के लिए उनके विचार मांगे। उम्मीद की जा रही है कि चुनाव की तारीखों का ऐलान होते होते, जनता को महंगाई से राहत देते हुए और भी कई कदम सरकार उठा सकती है।
उधर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री एम वीरप्पा मोइली ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास आधार कार्ड नहीं हैं उन्हें भी एलपीजी पर सब्सिडी दी जाएगी। मोइली ने कहा कि सुप्रीमकोर्ट के आदेश के अनुसार सब्सिडी पाने के लिए आधार कार्ड जरूरी नहीं होगा। घरेलू एलपीजी पर बिना आधार कार्ड के भी सब्सिडी मिलती रहेगी। असल में एलपीजी सब्सिडी को नियंत्रित करने के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य कर दिया था।

विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी
राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कांग्रेस शासित राज्यों में 50 फीसदी महिलाओं को मुख्यमंत्री बनाने की बात की थी।

महंगाई से राहत
सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या नौ से बढ़ाकर बारह किये जाने के बाद अब देश के मध्यम वर्ग को महंगाई से राहत मिल सकती है।

राहुल गांध प्रधानमंत्री घोषित नहीं
कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को अभी प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

कैबिनेट मीटिंग के बाद लिया गया फैसला
कैबिनेट मीटिंग के बाद फैसला लिया गया कि अब नौ की जगह बारह सिलेंडर दिये जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications