Shayja Kerala : अपनी मूंछों पर ताव देती है महिला शायजा, लोगों के मजाक उड़ाने पर भी नहीं कटवाती मूंछ
कन्नूर, 25 जुलाई। मिलिए इनसे ये हैं शायजा। इनकी पहचान मूछों वाली महिला के रूप में भी है। बात सुनने में भले ही अजीब लग रही हो, मगर केरल के कन्नूर की रहने वाली 35 वर्षीय शायजा के मर्दों की तरह मूंछ हैं। ये अपनी मूंछ कटवाती नहीं बल्कि उन पर ताव देती नजर आती है। इसकी पीछे की वजह बड़ी दिलचस्प है।

चेहरे के बालों की करवाई थी थ्रेडिंग
दरअसल, 35 वर्षीय शायजा के चेहरे पर पहले सामान्य महिला की तुलना में अधिक बाल थे। लोग इसका मजाक बनाते थे। चेहरे पर ज्यादा बाल होने के कारण ये नियमित रूप से थ्रेडिंग कराती थीं, लेकिन इन्होंने कभी भी ऊपरी होंठ (मूंछ या अपर लिप्स) बाल नहीं हटवाए। शुरुआत में तो शायजा को डर था कि वह मूंछ के बालों की थ्रेडिंग करवाएगी तो ये और भी घने हो जाएंगे।

पांच साल पहले घने हो गए मूंछों के बाल
मीडिया से बातचीत में शायजा कहती हैं कि कभी उसे अपने ऊपरी होंठ के हल्के बालों को हटवाने की जरूरत महसूस नहीं हुई। करीब पांच साल पहले मूंछ के बाल मोटे होना शुरू हुए थे। देखते ही देखते चेहरे पर मर्दों की तरह मूंछ आ गई और अब ये इनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई। ये मूंछ कटवाने की बजाय इन पर ताव देती हैं। अब इन्हें मूंछ रखना पसंद है।

परिवार व बेटी करती है सपोर्ट
माथे पर मांग, बिंदिया, आंखों में काजल और कानों में झुमके पहनने वाली शायजा के चेहरे पर मूंछ भी बड़ी बड़ी हो चुकी हैं, जिनकी वजह से इनका चेहरा मर्दों की तरह दिखाई देने लगा है। लोग चाहे इन्हें कुछ भी कहे, मगर परिवार और बेटी इनका पूरा सपोर्ट करती है। अब ये लोगों के तानों या मजाक की परवाह भी नहीं करती।

कई बार हो चुकी हैं सर्जरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अपनी मूंछों को लेकर एक इंटरव्यू के दौरान शायजा ने कहा कि 'अगर मेरे पास दो जिंदगी होती तो मैं एक जिंदगी दूसरों के लिए जी सकती थी। मेरी अभी तक कुल 6 सर्जरी हो चुकी हैं। पिछले कुछ सालों में ब्रेस्ट में गांठ हटाने की सर्जरी हुई और फिर अंडाशय से अल्सर हटाने के लिए सर्जरी करवानी पड़ी। मेरी आखिरी सर्जरी पांच साल पहले एक हिस्टेरेक्टॉमी थी'

मूंछ हटवाने की कल्पना भी नहीं कर सकती
शायजा कहती हैं कि मेरी जब भी कोई सर्जरी होती थी तो मैं सोचती थी कि ये मेरी आखिरी सर्जरी है और इसके बाद मुझे कभी ऑपरेशन थियेटर में नहीं जाना पड़ेगा। इतनी सारी सर्जरी के बाद मुझमें कॉन्फिडेंस आया और मैंने सोचा कि मुझे ऐसी लाइफ जीनी चाहिए जिससे मुझे खुशी मिले। सर्जरी करवाकर मूंछ हटवाने की तो अब कल्पना भी नहीं कर सकती।












Click it and Unblock the Notifications