दिल्ली की बसों में पाॅकेटमारी करता था केजरीवाल का भेष धारी, बस के यात्रियों ने पकड़ा
'आम आदमी पार्टी' के प्रमुख अरविंद केजरीवाल का भेष बनाकर, दिल्ली की बसों में पाॅकेटमारी करने वाले एक पाॅकेटमार को पुलिस ने गिरफ्त में लिया है। केजरीवाल के भेष धारी को पाॅकेटमारी करते समय बस के यात्रियों ने पकड़ा था। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'यात्रियों ने आरोपी को जब पुलिस को सौंपा तो उसने पुलिसकर्मियों को गलत आरोप में गिरफ्तार करने के लिए निलंबित करने की धमकी दी और दावा किया कि वह अरविंद केजरीवाल है।' पाॅकेटमार के खिलाफ विवेक विहार थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान अरविंद शर्मा के रुप में हुई है।

शिकायतकर्ता विजय पार्क मौजपुर निवासी अब्दुल वाहिद (53) रूट संख्या-33 की बस से नोएडा से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे जब बस विवेक विहार इलाके में पहुंची तो एक व्यक्ति ने उनकी जेब से पर्स निकाल लिया। तभी उन्होंने अन्य यात्रियों की मदद से उस व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। इसी बीच वह चिल्लाने लगा कि मैं दिल्ली का पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हूं। मुझे मत मारो।
बार-बार खुद को अरविंद केजरीवाल बोलने की वजह से लोगों के हाथ रुक गए। लोगों ने आरोपी को गौर से देखना शुरू किया कि कहीं वाकई यह व्यक्ति अरविंद केजरीवाल तो नहीं है। बाद में लोग उसे पकड़कर विवेक विहार थाने ले आए, लेकिन यहां भी आरोपी खुद को अरविंद केजरीवाल ही बताता रहा। मंगलवार को जब उसे अदालत में पेश किया गया तो उसने अपना नाम अरविंद शर्मा बताया।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और उत्तर पूर्वी जिले के हर्ष विहार इलाके में अकेले रहता है। इस तरह के आरोपों में वह पहले भी गिरफ्तार हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications