मनीष सिसोदिया पर एलजी आवास के बाहर फेंकी गई स्याही
नई दिल्ली। दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पर सोमवार को एक शख्स ने स्याही फेंक दी। बताया जा रहा है कि स्याही फेंकने वाले ने ऐसा विरोध जताने के लिए किया है।

एएनआई के ट्वीट के मुताबिक, स्याही फेंकने वाले शख्स का नाम बृजेश शुक्ला है। यह घटना दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर नजीब जंग के आवास के बाहर हुई है। उसने मीडिया को बताया कि एक तरफ दिल्ली के लोग परेशानियों के दौर से गुजर रहे हैं और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया विदेश में घूम रहे हैं।

मनीष सिसोदिया मीडिया से बात कर ही रहे थे कि बृजेश ने उन पर स्याही फेंक दी। वह रविवार को ही फिनलैंड के दौरे से वापस भारत लौटे हैं। एक तरफ दिल्ली में डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के तेजी से फैलने की खबरें आ रही हैं तो वहीं दूसरी तरफ उनके विदेशी दौरे को लेकर भी सवाल उठे थे।
आज वह उप राज्यपाल नजीब जंग से मिलने पहुंचे थे। वहां बृजेश ने अपना विरोध जताने के लिए उनपर स्याही फेंक दी। वहीं मनीष ने इस करतूत के पीछे बीजेपी और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है।
एलजी ने फैक्स भिजवाया था
आपको बता दें कि मनीष सिसोदिया को इससे पहले उप राज्यपाल नजीब जंग ने फैक्स भेजकर फिनलैंड दौरा जल्द खत्म कर वापस आने को कहा था। उन्होंने लिखा था चिकनगुनिया और डेंगू के तेजी से दिल्ली में हो रहे प्रसार की वजह से वह जल्द दिल्ली लौटें।

'अध्ययन करना पाप नहीं'
सिसोदिया 12 सितंबर को अधिकारियों संग फिनलैंड की शिक्षा व्यवस्था के अध्ययन के मकसद से भारत से रवाना हुए थे। विपक्ष ने उनपर छुट्टियां मनाने का आरोप लगाया तो उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था का अध्ययन करना पाप नहीं है।
स्याही फेंकने वाले ने दी सफाई
स्याही फेंकने वाले बृजेश ने बताया कि उसका किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है। उसने ऐसा सिर्फ गुस्से में किया है। कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पर भी भोपाल में स्याही फेंकी गई थी।
स्याही फेंकने वाले आरोपी शख्स को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस मामले पर आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने ट्वीट किया और इसे उरी हमले से जोड़ा। देखिए कुमार का यह ट्वीट :












Click it and Unblock the Notifications