Omicron ने दिल्ली में दी दस्तक, विदेश से लौटा शख्स मिला पॉजिटिव, LNJP में है भर्ती
नई दिल्ली, 05 दिसंबर: भारत में कोविड 19 के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता जा रहा है। राजधानी दिल्ली में भी इस वायरस ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में रविवार को ओमिक्रॉन का पहला केस सामने आया है। तंजानिया से लौटे शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसके बाद उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया, ''दिल्ली में ओमीक्रोन का पहला मामला सामने आया है। मरीज एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती था और वह हाल में तंजानिया से लौटा था। अबतक 17 लोग (विदेश से आए) कोरोना संक्रमित मिले हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।''
Recommended Video

LNJP अस्पताल के एमडी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि यह मामला 2 तारीख को आया था। संक्रमित व्यक्ति तंजानिया से हवाई यात्रा कर दिल्ली आया था। इनके संपर्क में आए लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। मरीज को वैक्सीन की दोनों डोज लगी है।
देश में Omicron का पांचवां मामला
बता दें, देश में ओमिक्रॉन का ये पांचवां मामला है। पहले दो केस कर्नाटक में पाए गए थे। इसके बाद शनिवार को गुजरात और महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के 1-1 केस सामने आए। तीसरा मामला गुजरात के जामनगर में मिला था, जबकि चौथा महाराष्ट्र के डोंबिवली में सामने आया। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बंद करने की गुजारिश की थी।
मालूम हो कि ओमिक्रॉन का सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में पता चला। 25 नवंबर को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) को इसके बारे में जानकारी दी गई। WHO के मुताबिक, ओमिक्रॉन के पहले मामले की पुष्टि इस साल 9 नवंबर को लिए गए एक सैंपल में हुई थी। 26 नवंबर को WHO ने इस नए वेरिएंट को ओमिक्रॉन नाम दिया और इसे 'वेरिएंट ऑफ कंसर्न' यानी 'चिंता वाला वेरिएंट' करार दिया।
पुडुचेरी में वैक्सीनेशन अनिवार्य
ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुडुचेरी ने कोरोना की वैक्सीन को अनिवार्य कर दिया है। शनिवार को आदेश जारी करते हुए कहा गया कि पुडुचेरी पब्लिक हेल्थ एक्ट 1973 के मुताबिक, सभी लोगों को वैक्सीन डोज लगवाना होगा। इस आदेश को न मानने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, रविवार को एयर अरेबिया की फ्लाइट नागपुर में लैंड हुई। इसमें 95 यात्री सवार थे, जिनका एयरपोर्ट पर RT-PCR टेस्ट कराया गया। नागपुर म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन ने बताया कि यात्रियों के टेस्ट जल्द ही आ जाएंगे। सभी पैसेंजर्स को घर में क्वारंटाइन के नियमों का पालन करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications