भाजपा में भीतरघात, हर्ष के सीएम उम्मीदवारी से गोयल अब भी नाराज

दिल्ली में हर्षवर्धन को भाजपा के मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी बनाए जाने के कारण ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कई अन्य नेता पर्दे के पीछे धकेल दिए गए हैं। भाजपा के एक नेता ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विजय गोयल 23 अक्टूबर को अपनी जगह राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद "पूरी तरह बदल गए हैं।"
भाजपा नेता ने आगे बताया, "हालांकि आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया था, लेकिन गोयल सहित सभी को विश्वास था कि दिल्ली के आगामी विधानसभा चुनाव में गोयल जी को ही मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। उन्होंने बहुत पहले ही चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था, यहां तक कि वह दिल्ली के छोटे से छोटे इलाके का दौरा कर रहे थे।"
उन्होंने कहा, "जब उन्हें (गोयल) दिल्ली के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं घोषित किया गया तो वह स्तब्ध रह गए।" मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गोयल पार्टी से बेहद नाराज थे और उन्होंने पार्टी को चेतावनी तक दे डाली कि यदि हर्षवर्धन को मुख्यमंत्री प्रत्याशी चुना गया तो वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी हाईकमान को पता है कि गोयल नाराज हैं, लेकिन उन्हें मनाने की बजाय पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी को उनका कार्यभार संभालने के लिए कह दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications