दिल्ली चुनाव में शराब से वोट खरीदने वालों पर होगी 'आप' की खुफिया नजर

मतदान से 24 घंटे पहले अपनी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने के लिये आम आदमी पार्टी ने एक नया हथियार अपनाया है। इस हथियार का नाम है खुफिया कैमरा। आप के कार्यकर्ता इस हथियार के साथ मैदान में उतर चुके हैं और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में फैल गये हैं। आम आदमी पार्टी के मुताबिक उन्हें पहली कामयाबी भी मिल गई है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक बादली गांव में शराब की बोतलों को खुफिया कैमरे में कैद कर लिया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ये दावा किया है कि इन बोतलों का इस्तेमाल वोट खरीदने के लिये वोटरों में बांटे जाने के लिये किया जाना था।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता ने बताया कि 'हमारी पार्टी ने हाई रेजोल्यूशन वाले 2000 खुफिया कैमरे खरीदे हैं। इन कैमरों को दिल्ली की झुग्गियों, ग्रामीण इलाकों ओर पुर्नवास कॉलोनियों में लगाया गया है।' आम आदमी पार्टी ने बताया कि ये कैमरे रात के अंधेरे में साफ तस्वीरें ले सकते हैं। इन कैमरों का इस्तेमाल करने के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को बकायदा ट्रेनिंग दी है। अगर किसी पार्टी ने वोटरों को खरीदने के लिए शराब और नोट बांटने की कोशिश की, तो उसकी हरकत कैमरे में दर्ज हो जाएगी।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि वो कैमरे की रिकॉर्डिंग को चुनाव आयोग को दे देंगे, ताकि वो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर सके। आम आदमी पार्टी का कहना है कि वो ना तो वोट खरीदेगी और ना ही किसी और को ऐसा करने देगी। लेकिन दूसरी पार्टियां ऐसा करने में जुटी हैं, इसीलिए उन्हें बेनकाब करने के लिए खुफिया कैमरे का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications