गणतंत्र दिवस के लिए हो गयी दिल्ली की किलेबंदी

मध्य और नई दिल्ली के पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा रहेगी तथा राष्ट्रीय राजधानी के अन्य इलाकोंकी भी निगरानी होगी। उन्होंने कहा कि परेड मार्ग के दोनों तरफ की सभी ऊंची इमारतें, रेलवे और मेट्रो स्टेशन, बस स्टॉप और बस अड्डे तथा हवाईअड्डे सुरक्षा के दायरे में रहेंगे। अधिकारी ने कहा कि फ्लाई-पास्ट के दौरान वायुसेना के लड़ाकू विमान शानदार करतब दिखाएंगे, इसलिए आसमान में चौकसी के लिए सुबह पांच बजे से दोपहर 12.30 बजे तक मानव रहित विमान तैनात किए जाएंगे। गणतंत्र दिवस के दिन राजधानी के हवाई क्षेत्र में पूर्वाह्न् 11.15 से दोपहर 12.15 यानी एक घंटा के लिए यात्री विमानों का परिचालन बंद रहेगा।
अधिकारी ने बताया कि मानव रहित विमान न केवल परेड मार्ग की निगरानी करेंगे, बल्कि समूचे शहर की चौकसी करेंगे। शहर में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) के लगभग 500 जवान, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 1,500 जवान और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। सीआईएसएफ के कम से कम 700 अतिरिक्त जवान मेट्रो स्टेशनों की निगरानी करेंगे तथा इसी बल के 5,000 से अधिक जवान हवाईअड्डों की चौकसी करेंगे।परेड मार्ग यानी राजपथ और लाल किले के बीच 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
राजपथ पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तिरंगा फहराएंगे और तीनों सेना के दलों की सलामी लेंगे। एक दिन पूर्व 25 जनवरी को राजपथ पर शाम छह बजे के बाद से कोई वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगले दिन 26 जनवरी को तिलक मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग से लाल किले तक सुबह चार बजे से परेड खत्म होने तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications