मुजफ्फरपुरः देर रात संदिग्ध अवस्था में दो लोगों की मौत, लोगों ने जहरीली शराब के सेवन को बताया कारण
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के रेपुरा-रुपौली गांव में गुरुवार की देर रात को दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसे जूरनछपरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे जहरीली शराब की आशंका जताई जा रही है। वहीं जबतक घटना की जानकारी मिलने पर ब्रह्मपुर थाने की पुलिस निजी अस्पताल पहुंचती तब तक परिजन दोनों मृतकों के शव को लेकर गांव चले गए। वहीं घटना की जांच में जुटी ब्रह्मपुरा पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई।

सरैया एसडीपीओ राजेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह का खुलासा हो सकेगा। प्रथम दृष्टया जहरीली शराब की आशंका है। शराब पीने से मौत की सूचना पर सरैया पुलिस व एसडीपीओ गांव पहुंचे। यहां पुलिस टीम मामले की जानकारी जुटा रही है। ग्रामीणों से भी पुलिस टीम पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस अंग्रेजी शराब के ब्रांड के संबंध में जानकरी जुटा रही है।
बुधवार की रात गांव में हुई थी शराब की पार्टी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात गांव में शराब पार्टी हुई थी। कई लोगों ने एक साथ शराब का सेवन किया था। इसमें गांव के 32 वर्षीय मुन्ना सिंह और 35 वर्षीय अवनीश सिंह व विपुल शाही भी शामिल थे। पार्टी के करीब एक घंटे के बाद इन तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थानीय स्तर पर सरैया के पास स्थित निजी अस्पताल में चुपके से इलाज कराया गया। स्थिति नहीं संभली तो जूरनछपरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां गुरुवार की देर रात मुन्ना सिंह व अवनीश सिंह की मौत हो गई। वहीं गांव के ही विपुल शाही की हालत नाजुक है।












Click it and Unblock the Notifications