बिहारः प्यार के दुश्मन बन गए अपने तो पहले किया बेहोश फिर कर दी बेटी की हत्या और चेहरे को जला दिया
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के माधोपुर सुस्ता गांव में ऑनर किलिंग का दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां प्रेम के दुश्मन अपने ही माता-पिता बन गए और बेटी के साथ हैवानियत करते हुए मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने करीब 43 दिन बाद हत्या का खुलासा करते हुए मृतक लड़की के हत्यारोपित माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। दरअसल, 1 जून को कुढ़नी थाना इलाके के चंद्रहड्डी गांव में पानी से भरे गड्ढे में एक लड़की की लाश मिली।

युवती के चेहरे को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया था ताकि उसकी शिनाख्त ना हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अज्ञात मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। लेकिन दो जून को मृतका के परिजन अचानक बेटी की हत्या कर शव को तेजाब से चेहरा जलाकर शव फेंक दिये जाने का आरोप लगाते हुए उग्र हो गए। इसके बाद पता चला कि मृतका माधोपुर सुस्ता निवासी शंकर राय की बेटी थी।
परिजनों द्वारा हंगामा करने पर पुलिस दबाव में आते हुए दो युवकों को पूजा के अपहरण व हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया। दो जून को मीडिया के सामने आई मृतका की मां मालती देवी ने बताया था कि 31 मई की शाम को जब वह बेटी के साथ स्कूटी से जा रही थी तभी आरोपित युवकों ने उसे अगवा कर लिया था। हालांकि मृतका की मां ने यह बात पुलिस को नहीं बताई थी। 31 मई को हुए अपहरण की प्राथमिकी दो जून को मनियारी थाना में दर्ज कराई गई।
वहीं इस मामले की जांच कर रहे एएसपी सैयद इमरान मसूद को परिजनों के व्यवहार पर शक था। इसके चलते उन्होंने मृतका के चाचा लालबाबू राय को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो उन्होंने सबकुछ पुलिस को बता दिया। उसके बाद पुलिस ने पूजा के पिता शंकर राय, मां मालती देवी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। एएसपी वेस्ट सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पूजा का पड़ोसी गांव बिशुनपुर गिद्धा के युवक से प्रेम संबंध था जिसका परिजन विरोध कर रहे थे। पूजा परिजनों की बात मानने को तैयार नहीं हुई तो 31 मई की रात को माता-पिता और अन्य संबंधियों ने मिलकर उसे घर के पीछे गाछी में ले गए और उसकी हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications