Muzaffarnagar : थर्ड क्लास में पढ़ने वाली छात्रा से स्कूल में रेप, टीचर और प्रबंधक गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर, 03 मार्च: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आठ साल की बच्ची से रेप की घटना सामने आई है। आरोप है बच्ची से स्कूल में टीचर और स्कूल प्रबंधक ने दरिंदगी की। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच में बच्ची से रेप की पुष्टि हुई है।

टीचर और प्रबंधक ने छात्रा से किया रेप
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। यहां एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ने वाली छात्रा से टीचर और प्रबंधक ने हैवानियत की। बच्ची ने स्कूल से घर आने के बाद अपने परिजनों को आपबीती सुनाई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्ची के पिता तुरंत थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी टीचर और स्कूल प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले में सीओ कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच में बच्ची से रेप की पुष्टि हुई है।












Click it and Unblock the Notifications