Wrestlers Protest: राष्ट्रपति से मिलेंगे खाप प्रतिनिधि, राकेश टिकैत बोले- हमारी लड़कियां कभी नहीं हारेंगी
Wrestlers Protest News: बृजभूषण सिंह के खिलाफ और महिला पहलवानों को न्याय दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में महापंचायत आयोजित की गई। इस महापंचायत में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

Rakesh Tikait On Wrestlers Protest: पहलवानों के प्रदर्शन को लेकर भारतीय किसान यूनियन (BKU) ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सौरम गांव में 'खाप महापंचायत' बुलाई। इस महापंचायत में महिला पहलवानों के साथ हुए दुर्व्यवहार और सरकार के कदम को लेकर चर्चा हुई। वहीं इन सब चर्चाओं के बीच खाप महापंचायत में बीकेयू के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने ऐलान करते हुए कहा है कि खाप प्रतिनिधि राष्ट्रपति और सरकार से मिलेंगे। इस बैठक में यूपी, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और पंजाब से खाप और किसान नेता शामिल हुए।
पहलवान किसी जाति के नहीं हैं, इनकी जाति तिरंगा: राकेश टिकैत
किसान नेता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने कहा कि पहलवान किसी जाति के नहीं हैं, इनकी जाति तिरंगा है। हम भी विदेश में अपनी पार्टी का नहीं, देश का झंडा लेकर जाते हैं। अगर न्याय नहीं मिलता है तो पूरे देश में इस लड़ाई को लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार हमें जाति में विभाजित करने की कोशिश कर रही है लेकिन जान लें कि हमलोग बंटने वाले नहीं हैं। हमारी बेटियों के साथ जो अन्याय हुआ है उसका जवाब सरकार को देना ही होगा।
पहलवानों के विरोध पर प्रस्ताव लाने की संभावना
बीकेयू के एक नेता ने कहा कि बैठक के अंत में 'महापंचायत' एक प्रस्ताव पारित करेगी। सभी राज्यों के खाप नेताओं द्वारा इस मुद्दे पर अपने विचार व्यक्त करने के बाद इसे शाम तक पारित किए जाने की संभावना है।
मैंने बेटियों को मेडल नीलामी की सलाह दी: टिकैत
राकेश टिकैत ने कहा कि मैंने सभी पहलवानों से कहा कि गंगा में पदक मत विसर्जित करो, उन्हें नीलामी के लिए रख दो। पूरी दुनिया आगे आएगी और आपसे नीलामी बंद करने के लिए कहेगी। वहीं जब मीडिया ने पूछा कि किसान और खाप के नेता पहलवानों को समर्थन क्यों दे रहे हैं, इस पर टिकैत ने कहा परिवार जितना बड़ा हो उतना अच्छा है।
उन्होंने बैठक में शामिल किसानों से कहा आपको समझना चाहिए कि केंद्र सरकार क्या कर रही है। उन्होंने बिहार में लालू यादव के परिवार को तोड़ दिया। देखिए उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिवार के साथ क्या किया। राजस्थान में भी यही हो रहा है।
पिछले रविवार को कई पहलवानों को हिरासत में लिया गया था
बता दें कि पहलवानों का विरोध रविवार को तब और बढ़ गया जब नए संसद भवन की ओर कूच कर रहे पहलवानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद पहलवानों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ बर्बरता के आरोप लगाए। महिला पहलवानों के साथ बदसलूकी के भी आरोप लगाए।
मेडल को गंगा में प्रवाहित करने जा रहे थे लेकिन टिकैत ने रोका
मंगलवार को पहलवानों ने घोषणा की कि वे अपने पदक हरिद्वार की गंगा में प्रवाहित करेंगे क्योंकि बृजभूषण की गिरफ्तारी की उनकी मांग पूरी नहीं हो रही है। पहलवानों को फिर ऐसा करने से किसान नेता नरेश टिकैत ने रोका, जिन्होंने केंद्र सरकार को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया और आगे आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी।












Click it and Unblock the Notifications