पुजारी की बेटी पूजा शर्मा पहले प्रयास में ही पीसीएस जे पास कर बनीं जज, बधाई देने पहुंचे योगी के मंत्री
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुजारी रविंद्र शर्मा की बेटी पूजा शर्मा के जज बनने के बाद घर में खुशी का माहौल है। पूजा को बधाई देने प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिलदेव अग्रवाल आबकारी मोहल्ला स्थित उनके घर पहुंचे। उन्होंने पूजा को मां सरस्वती की मूर्ति और प्रशस्ति पत्र देकर शुभकामनाएं दीं। पूजा ने पीसीएस जे 2018 की परीक्षा पास की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और ईश्वर को दिया। पूजा के माता-पिता बेटी की इस सफलता से बहुत खुश हैं। मां ने कहा कि वह चाहती हैं कि हर माता-पिता को औलाद ऐसी खुशी दे।
Recommended Video

सफलता पर पूजा शर्मा ने कहा
जज बनीं पूजा शर्मा ने बताया कि उन्होंने मुजफ्फरनगर के एसडी कॉलेज ऑफ लॉ से एलएलबी की पढ़ाई के बाद 2018 में पीसीएस जे की परीक्षा दी थी। कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि पहली बार में ही उन्होंने यह परीक्षा पास कर कामयाबी पाई है। सफलता का राज पूछने पर उन्होंने कहा कि वह प्रतिदिन कम से कम आठ घंटे पढ़ती थी और जो भी टास्क खत्म करना होता था, उसको पूरा करती थी। परीक्षा के दौरान दस घंटे के आसपास पढ़ाई हो जाती थी। सफलता का श्रेय उन्होंने ईश्वर, माता-पिता और गुरुजनों को दिया। कहा कि माता पिता ने पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन दिया और कभी किसी कमी का अहसास नहीं होने दिया।

पूजा को बधाई देने पहुंचे मंत्री ने कहा
मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने पूजा को बधाई देने के बाद कहा कि मैंने जिस जगह से राजनीतिक सफर शुरू किया, उस सदर बाजार के दुर्गा मंदिर में रविंद्र शर्मा बरसों से पुजारी का काम कर रहे हैं। पुजारी रविंद्र शर्मा से उनका पारिवारिक रिश्ता है। पता चला कि बेटी पूजा शर्मा जज बनी हैं तो उज्जवल भविष्य की शुभकामना देने आए हैं। बच्चों को मैसेज है कि वे पढ़-लिखकर मुजफ्फरनगर का नाम रोशन करें और अपनी संस्कृति को न भूलें। पूजा शर्मा ने भी कहा कि लोग अपनी बेटियों को पढ़ाएं और काबिल बनाएं।












Click it and Unblock the Notifications