मुजफ्फरनगर: शादी के 6 महीने बाद विवाहिता ने किया सुसाइड, शोहदों की धमकी से थी परेशान
मुजफ्फरनगर, 23 सितंबर: मनचलों से परेशान होकर नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान परिजनों ने पूजा का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और पुलिस को खरी-खोटी सुनाई।

परिजनों ने कहा कि पुलिस समय रहते अगर मनचलों पर शिकंजा कसती, तो विवाहिता की जान बच सकती थी। परिजनों के हंगामे की सूचना पर सीओ सदर मौके पर पहुंचे और किसी तरह पीड़ित परिवार को मनाया। जिसके 19 घंटे बाद अंतिम संस्कार किया गया। यह मामला मुजफ्फरनगर जिले के सिविल लाइन क्षेत्र के जनकपुरी मोहल्ले का है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, थाना तितावी के गांव काजीखेड़ा के रहने वाले सुभाष की बेटी पूजा की शादी इसी साल 23 अप्रैल को जनकपुरी निवासी दीपक के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी सोनू की बुआ भी काजीखेड़ा में रहती है। वो अपनी बुआ के पास आता-जाता रहता था। इस दौरान वह पूजा को परेशान करता था। इसके चलते परिजनों ने पूजा की शादी कर दी।
इसके बाद भी सोनू और उसके दो साथी पूजा को परेशान कर रहे थे। आरोप है कि मुख्य आरोपी सोनू और उसके साथियों ने गत 10 सितंबर को पूजा के मायके काजीखेड़ा में उसके घर पर फायरिंग की थी। जिसकी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी थाना तितावी पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की। कार्रवाई ना होने से आरोपियों के हौसले और बढ़ गए थे।
उन्होंने मंगलवार रात सोनू ने मोबाइल पर गाली-गलौज की और उसके पति व सास को जान से मारने की धमकी दी थी। जिससे परेशान होकर पूजा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने शामली के नाला गांव निवासी सोनू, काजीखेड़ा गांव निवासी विजय पाल और सिसौली कसबा निवासी राहुल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications