Muzaffarnagar: किसानों की हजारों बीघा फसल बर्बाद, बाढ़ के पानी में खुद उतर गए मंत्री Sanjeev Balyan
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल क्षेत्र में हिंडन नदी में बाढ़ आने से दर्जनों गांव की हजारों बीघा जमीन की फसलें बर्बाद हो गई हैं और किसानों को बहुत नुकसान हुआ है। वहीं किसानों को हुए इस भारी नुकसान का जायजा लेने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान खुद ही बाढ़ के पानी में उतर गए। उन्होंने पीड़ित किसानों को आश्वस्त किया कि उन्हें सरकार से उचित मुआवजा दिलाया जाएग।
किसानों पर बरसी आफत, बाढ़ के पानी में उतरे मंत्री
दरअसल, मुजफ्फरनगर ज़िले से सटकर बह रही हिंडन नदी में बाढ़ आ गई है। बाढ़ के चलते चरथावल क्षेत्र के दर्जनों गांव में हिंडन नदी का पानी भर गया है। दूधली, बुड्ढाखेड़ा, कसौली, मुथरा, नंगला राई, न्यामू,सहित दर्जनों गांव की हजारों बीघा भूमि में फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। क्षेत्र का किसान हाहाकार कर रहा है। वहीं बाढ़ की जानकारी मिलते ही केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान अधिकारियों की टीम लेकर क्षेत्र में पहुंचे और गांव वालों को साथ लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री बाढ़ के पानी में उतर गए।

2-2 किलोमीटर दूर तक खेतों में पानी
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने हिंडन नदी किनारे दोनों ओर बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लिया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि वह बर्बाद हुई फसलों का आकलन कराकर मुख्यमंत्री से उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हिंडन नदी के दोनों ओर 2-2 किलोमीटर दूर तक खेतों में कई-कई फुट ऊंचा बाढ़ का पानी भर गया है।

हजारों बीघा फसल बर्बाद
डॉ संजीव बालियान ने बताया कि केवल दूधली गांव में ही किसानों की करीब 1300 बीघा भूमि की फसलें पूरी तरह तबाह हो गई। उन्होंने बताया कि बाकी गांव का भी यही हाल है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ से किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।दूसरी ओर बाढ़ के चलते दर्जनों संपर्क मार्ग भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बरसात के बाद उनका भी पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

वहीं इस दौरान डॉ संजीव बालियान के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल, ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुण्डीर, सपना कश्यप, अशोक पुण्डीर, मण्डल अध्यक्ष मनीष गर्ग, डॉक्टर विपिन त्यागी, बघरा ब्लॉक प्रमुख, एसडीएम सदर परमानन्द झाँ, जिला कृषि अधिकारी, प्रधान सन्गठन के जिला प्रभारी एवं अध्यक्ष अशोक पुण्डीर एवं सैंकडों किसान मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications