दहेज में नहीं दिए 5 लाख, पति ने कुवैत से Whatsapp पर बीवी को दिया तीन तलाक
मुजफ्फरनगर। तीन तलाक बिल पर कानून बनाने के बाद भी इसके मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरनगर का है। यहां एक महिला को उसके पति ने कुवैत से व्हाट्सएप पर मैसेज भेज तीन तलाक दे दिया। उसने अपनी पत्नी को मैसेज में तीन बार तलाक लिखा। इस संबंध में महिला ने अब पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

दहेज में मांगे पांच लाख
जानकारी के मुताबिक, सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बिहारी निवासी फिजा बतूल पुत्री रजी हैदर का निकाह 19 जुलाई 2017 को शहर के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी चांद मियां से हुआ था। विवाहिता का कहना है कि निकाह के एक माह बाद ही शौहर नौकरी करने कुवैत चला गया, जो अभी तक वहीं है। कुवैत जाने के बाद शौहर द्वारा वहीं से फोन पर विवाहिता से अतिरिक्त दहेज में पांच लाख की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष उसका उत्पीड़न करने लगा। इससे तंग आकर विवाहिता ने 27 मई 2019 को शहर कोतवाली में तहरीर दी।
व्हाट्सएप पर दिया तीन तलाक
इसकी जानकारी मिलने पर शौहर द्वारा कुवैत से फोन कर तहरीर वापस लेने का दबाव बनाया और इंकार करने पर नौ जून को चांद मियां ने कुवैत से ही फिजा के बहनोई शादाब हुसैन के मोबाइल पर व्हाट्सअप मैसेज कर तलाक दे दिया। आरोपी ने तलाकनामे की अरबी व अनुवाद की गई प्रतियां भेजने के साथ ही वॉयस मेसेज रिकॉर्ड कर उसके माध्यम से भी तीन तलाक दे दी। पीड़िता ने आरोपी शौहर व ससुराल पक्ष के खिलाफ सिखेड़ा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की पड़ताल में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications