सपा सरकार आएगी तो पिछड़ों की जाति जनगणना कराएंगे, हक और सम्मान देंगे: अखिलेश
मुजफ्फरनगर, 12 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में गुरुवार को अखिलेश यादव ने कश्यप महासम्मेलन को संबोधित किया जिसमें उन्होंने सत्ता में आने पर पिछड़े समुदायों की जाति जनगणना कराने का ऐलान किया है। सपा मुखिया ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि पिछड़े समुदायों की जाति जनगणना नहीं कराना चाहती है। कहा कि जो भाजपा सरकार पिछड़ों की जनगणना नहीं करा सकती, वो पिछड़ों को हक और सम्मान नहीं देगी। अखिलेश ने आरक्षण कार्ड खेलते हुए कहा कि पिछड़ों की गिनती सपा सरकार कराएगी, उनको भागीदारी और सम्मान देने का काम करेगी।

अखिलेश यादव ने कश्यप महासम्मेलन की रैली में किसानों के मुद्दे, महंगाई, रोजगार समेत भाजपा के वादों पर भी हमला बोला। कहा कि भाजपा ने किसानों से वादा किया कि आय दोगुनी कर देंगे लेकिन आय घट गई। कहा कि तीन कृषि कानूनों से किसानों का भला नहीं होगा, उनको बाजार के हाल पर छोड़ने पर वे मजदूर बन जाएंगे। रोजगार के मुद्दे पर कहा कि नौजवानों के लिए नौकरियां नहीं हैं। कहा कि उत्तराखंड से आए बाबा मुख्यमंत्री भाजपा का संकल्प पत्र नहीं पढ़ते हैं जिसमें सत्तर लाख नौकरी का दावा किया था। यही बाबा मुख्यमंत्री ने कहा था कि रोजगार तो बहुत हैं लेकिन नौजवानों में टैलेंट नहीं है।
अखिलेश यादव ने रैली में आए लोगों से पूछा कि आपको कैसी सरकार चाहिए? आपको योग्य सरकार चाहिए या गप वाली सरकार चाहिए? कहा कि बाबा मुख्यमंत्री ने यूपी में पलायन की बात की लेकिन ये अगर उत्तराखंड से पलायन कर नहीं आते तो प्रदेश के पांच साल खराब नहीं होते। कोरोना महामारी की दूसरी लहर पर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कोई इंतजाम नहीं किया, लोगों को मरने के लिए अनाथ छोड़ दिया। कहा कि उस समय में समाजवादी एंबुलेंस ही काम आई थी। कानून व्यवस्था पर अखिलेश ने कहा कि पूरे प्रदेश में पुलिस लोगों की हत्या कर रही है। भाजपा की सरकार में निर्दोष लोगों की हत्या की जा रही है। अखिलेश ने कानपुर के व्यापारी की गोरखपुर में हुई हत्या की याद दिलाई। कासगंज में पुलिस हिरासत में अल्ताफ की मौत का भी मुद्दा अखिलेश ने उठाया।












Click it and Unblock the Notifications