Rupal Ogrey Air Hostess: एयर होस्टेस रूपल ओग्रे हत्याकांड की पूरी कहानी, मुम्बई से रायपुर पहुंचा शव
Rupal Ogrey Murder Case: मुम्बई में ट्रेनी एयर होस्टेस रूपल ओग्रे की हत्या कर दी गई। शव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक शहर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में किया गया है।
Rupal Ogrey AIR India: 23 वर्षीय ट्रेनी एयर होस्टेस रूपल ओग्रे का शव मुम्बई से उनके पैतृक शहर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लाया गया। यहां रूपल की शवयात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।
रूपल मुम्बई में अंधेरी के मरोल इलाके में कृष्णलाल मारवाह मार्ग पर एनजी कॉम्पलेक्स के फ्लैट में रहती थी। फ्लैट में रविवार देर रात रूपल का शव मिला था। हत्या के आरोप में सफाईकर्मी को पकड़ा गया है।

कौन थी रूपल ओगरे?
- बता दें कि रूपल ओगरे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर इलाके के चंद्रिका ओगरे की बेटी थी।
- चंद्रिका ओगरे रिटायर्ड सिविल इंजीनियर हैं। रूपल इनकी तीन बेटियों में सबसे छोटी थी। उसकी गला रेतकर हत्या की गई।
- रूपल ओग्रे ने शुरुआती शिक्षा रायपुर से पूरी की थी। 12वीं कक्षा रायपुर के केपीएस स्कूल से पास की। इसके बाद उच्च अध्ययन के लिए चंडीगढ़ आ गई।
- रूपल मुम्बई के पवई पुलिस थाना इलाके के कृष्णलाल मारवाह मार्ग पर एनजी कॉम्पलेक्स के एक फ्लैट में अपनी बहन व उसके प्रेमी के साथ रहती थी।
- रूपल छह महीने पहले एक निजी एयरलाइन के साथ इन-फ्लाइट क्रू ट्रेनिंग कोर्स के लिए मुंबई आई थी।
फ्लैट पर वह अकेली थी रूपल
पवई पुलिस के अनुसार रविवार को रूपल की बहन व उसका प्रेमी शहर से बाहर गए हुए थे। फ्लैट पर वह अकेली थी। रूपल के परिजनों ने उसे कॉल किया तो कोई जवाब नहीं आया। फिर मुम्बई में उसके दोस्तों से सम्पर्क कर बताया कि रूपल फोन नहीं उठा रही।

दूसरी चाबी से खोला फ्लैट का दरवाजा
परिजनों के कहने पर रूपल के दोस्त उसके फ्लैट पर पहुंचे तो फ्लैट अंदर से बंद मिला। दोस्तों ने पवई पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर रविवार रात करीब पौने दस बजे पुलिस फ्लैट पर पहुंची। दूसरी चाबी से फ्लैट का दरवाजा खोला गया तो अंदर रूपल का लहूलुहान शव पड़ा था। उसका गला रेता हुआ था।
रूपल हत्याकांड में लगी आठ टीमें
पवई पुलिस ने रूपल का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा और फिर पोस्टमार्टम के बाद शव रायपुर भेज दिया। रूपल हत्याकांड के खुलासे के लिए पवई पुलिस की आठ टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 35 वर्षीय सफाईकर्मी विक्रम अठवाल को पकड़ा।

पवई पुलिस ने रूपल हत्याकांड का खुलासा करने के लिए आस-पास के 45 लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज खंगाने के बाद विक्रम अठवाल को गिरफ्तार किया। विक्रम दो बच्चों का पिता है। उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उसकी पत्नी भी उसी बिल्डिंग में लोगों के घरों में काम करती है।
पवन पुलिस का कहना है कि रूपल की हत्या करने के बाद विक्रम अठवाल ने अपनी वर्दी धोई और दूसरे कपड़े पहनकर बिल्डिंग से बाहर निकलता दिखाई दिया। शक के आधार पर उसे पकड़ा है। पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा। विक्रम उसी सोसायटी में क्लीनिंग का काम करता है। उसके हाथ पर भी चोट लगी है। वारदात को यौन उत्पीड़न की वजह से अंजाम दिए जाने की आशंका है। हत्या रविवार सुबह साढ़े 11 बजे की गई है।












Click it and Unblock the Notifications