मुंबई बीजेपी चीफ आशीष शेलार को जान से मारने की धमकी, सत्ताधारी दलों के लिए लिखे अपशब्द
मुंबई के भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष आशीष शेलार को एक खत मिला है, जिसमें उनकी हत्या करने की धमकी दी गई है। खत में भाजपा और सीएम एकनाथ शिंदे की पार्टी के लिए अपशब्द लिखे गए हैं।

मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार को जान से मारने की धमकी दी गई है। आशीष शेलार के दफ्तर से बताया गया है कि अज्ञात शख्स ने इस संबंध में उनके बांद्रा ऑफिस में एक चिट्ठी भेजी है। खत में भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना गुट के लिए काफी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने की भी जानकारी दी गई है। इस संबंध में आशीष शेलार की ओर से बांद्रा पुलिस स्टेशन में एक शिकायत भी दर्ज कराई गई है। गौरतलब है कि इसी महीने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी नागपुर में ऐसी ही धमकी मिली थी।
शेलार के टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी
मुंबई बीजेपी चीफ आशीष शेलार के दफ्तर की ओर से दावा किया गया है कि उन्हें अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी वाला खत भेजा है। दावे के मुताबिक शुक्रवार को मिले खत में उनके टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दी गई है। शेलार के मुताबिक इस चिट्ठी में महाराष्ट्र में सत्ताधारी बीजेपी और शिंदे गुट की सेना के लिए काफी अमर्यादित शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है। यह धमकी भरा पत्र शेलार के दफ्तर के लेटर बॉक्स से बाए जाने की जानकारी है।
शेलार ने बांद्रा थाने में दर्ज कराई शिकायत
धमकी वाला खत मिलने के बाद आशीष शेलार ने बांद्रा पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक साल पहले भी शेलार को ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। तब शेलार ने धमकी भरे फोन आने की शिकायत की थी और पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा भी था।
गडकरी को भी मिल चुकी है धमकी
यह मामला इसलिए गंभीर माना जा रहा है कि इसी महीने ही केंद्रीय मंत्री और नागपुर से सांसद नितिन गडकरी को भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। यह धमकी भरा फोन उनके नागपुर स्थित दफ्तर की लैंडलाइन पर आया था। आरोपी ने उनके दफ्तर को भी उड़ाने की बात कही थी। महाराष्ट्र में बीजेपी और उसकी सहयोगी की सरकार है। ऐसे में लगातार इस तरह से धमकियां मिलना मामले को गंभीर बना रहा है।
गौरतलब है कि गुरुवार को लोकसत्ता के एक कार्यक्रम में शेलार ने दावा किया था कि आने वाले बीएमसी चुनाव में उनका गठबंधन 150 से ज्यादा सीटें जीतेगा और मुंबई का अगला मेयर भाजपा का ही होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि शिंदे गुट का प्रदर्शन उद्धव ठाकरे गुट से कहीं ज्यादा बेहतर होगा।












Click it and Unblock the Notifications