मुंबईः सरकारी अस्पताल की ट्रेनी डॉक्टर से वार्ड ब्वॉय ने छेड़खानी
मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई स्थित एक सरकारी अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर से छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप में 45 वर्षीय वार्ड ब्वॉय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला महाराष्ट्र सरकार के एक राजकीय अस्पताल का है, जहां पुलिस ने वार्ड ब्वॉय को गिरफ्तार किया है। दरअसल, यह घटना पिछले गुरुवार और शुक्रवार की रात की है, जब ट्रेनी डॉक्टर अस्पताल में मरीज वार्ड की तरफ जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी वार्ड ब्वॉय ने जबरदस्ती डॉक्टर को पकड़ लिया और धमकी दी कि वह इस घटना के बारे में किसी को कुछ न बताए। पुलिस ने बताया कि पीड़ित डॉक्टर किसी तरह वहां से आरोपी की चंगुल से खुद को बचाकर भागने में सफल रही। बाद में ट्रेनी डॉक्टर ने इस घटना के बारे में अपने सीनियर डॉक्टरों को घटना के बारे में जानकारी दी। सीनियर डॉक्टरों ने इस पूरी घटना की जानकारी अस्पताल के डीन को दी।
मुंबई में जेजे मार्ग पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई। पीड़ित डॉक्टर का बयान दर्ज किए जाने के बाद आरोपी के खिलाफ महिला को अपमानित करने और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया। जेजे मार्ग पुलिस ने आरोपी वार्ड ब्वॉय को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से पहले क्वारंटाइन सेंटर में भी एक युवती के साथ उत्पीड़न का मामला सामने आया था।
इस घटना के मामले में भी आरोपी के खिलाफ धारा 354 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। यह घटना 15 जून को मलाड के जनकल्याणगर में न्यू भूमि पार्क के क्वारंटाइन सेंट में हुई थी। पीड़ित को कोरोना पॉजिटिव बताए जाने के बाद यहां रखा गया था। यहां उचित देखभाल के बाद युवती का कोरोना टेस्ट नेगेटिव आ गया था और उसे रिहा करने के लिए कहा गया था लेकिन उसी दिन आरोपी ने उसे बहकाने की कोशिश करते हुए छेड़छाड़ की उस समय वह क्वारंटाइन सेंटर में अपने कमरे में अकेली थी।












Click it and Unblock the Notifications