बीवी पर था शक तो पति ने गला दबाकर मौत की नींद सुला दिया, मां का शव देखकर सहम गए बच्चे
Mumbai news, मुंबई। पत्नी के चरित्र पर संदेह होने से पति ने पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना कांदिवली इलाके में हुई। हमलावर ने खुद ही मुंबई पुलिस के मुख्य नियंत्रण कक्ष में फोन कर वारदात को अंजाम देने की बात को कबूला। इस मामले में कांदिवली पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी मोहम्मद रकीब अब्दुल हाफिज खान को गिरफ्तार कर लिया है। बोरीवली लोकल कोर्ट ने उसे 20 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में रहने का आदेश दिया है। महिला का नाम अजमातूनिसाओ मोहम्मद रकिबखान बताया जा रहा है।

महज एक हफ्ते में इस तरह की यह तीसरी घटना है। तीनों मामलों में आरोपी पति ने खुद ही पुलिस को फोन कर अपराध कबूल किया है। ताजा वारदात कांदिवली के गांधीनगर स्थित खान गली की युवा शक्ति चॉल में हुई। मोहम्मद इसी इलाके में भंगार बिक्री का काम करता है। उसे लग रहा था कि उसकी पत्नी अजमातूनिसाओ का किसी के साथ अवैध संबंध है। दोनों के बीच इसे लेकर अक्सर कहासुनी हो जाती थी। रविवार रात मोहम्मद घर आया तो पत्नी से फिर उसका झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद उसने पत्नी को बहुत पीटा। मारपीट के बाद पत्नी का गला दबाकर उसे मौत की नींद सुला दिया।
हत्या करने के बाद उसने मोबाइल से मुंबई पुलिस के मुख्य नियंत्रण कक्ष में फोन लगाकर अपराध की कबूला और सब बता दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कांदिवली पुलिस ने घटना स्थल का रुख किया। जहां पुलिस को अजमातूनिसाओ की मृत देह पड़ी मिली। जिसे बाद में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में विजय राणे की शिकायत पर कांदिवली पुलिस ने मोहम्मद पर हत्या का अपराध दर्ज किया था। इसी अपराध में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। मोहम्मद और अजमातूनिसाओ के दो लड़की और चार लड़के हैं। जब हत्या हुई तो सभी बच्चे घर पर ही थे। इस घटना के बाद बच्चे बुरी तरह सहम गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications