क्रूज ड्रग्स केस: नवाब मलिक के आरोपों का मनीष भानुशाली ने किया खंडन, बोले- दर्ज कराऊंगा मानहानि का केस
मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में एनसीपी नेता नवाब मलिक द्वारा लगाए गए आरोपों का भाजपा कार्यकर्ता मनीष भानुशाली ने मीडिया के सामने खंडन किया है।
मुंबई, 6 अक्टूबर। मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में एनसीपी नेता नवाब मलिक द्वारा लगाए गए आरोपों का भाजपा कार्यकर्ता मनीष भानुशाली ने मीडिया के सामने खंडन किया है। उन्होंने कहा कि क्रूज ड्रग्स केस और उससे जुड़े शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी से बीजेपी का कोई संबंध नहीं हैं।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक के आरोपों को आधारहीन बताते हुए उन्होंने का कि भाजपा में उन्हें कोई आधिकारिक पद नहीं मिला हुआ है। उन्होंने कहा, 'नवाब मलिक ने मुझ पर गलत आरोप लगाए हैं। बीजेपी की इन गिरफ्तारियों से कोई लेना देना नहीं है। मुझे 1 अक्टूबर को जानकारी मिली थी कि एक ड्रग्स पार्टी होनी है और इसकी जानकारी मैंने एनसीबी को दी। क्योंकि मेरे पास इसकी जानकारी थी इसलिए मैं एनसीबी अधिकारियों के साथ जहाज पर था।'
भानुशाली ने आगे कहा, 'भाजपा में मुझे कोई आधिकारिक पद प्राप्त नहीं है। मैंने देश का एक जागरुक नागरिक होने के नाते यह जानकारी दी। मुझे पता चला है कि पिछले महीने ड्रग्स मामले में नवाब मलिका का एक रिश्तेदार पकड़ा गया था।'
यह भी पढ़ें: दमदार आवाज होने के बावजूद यूके में अगले महीने होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर इतने चिंतित क्यों हैं सोनू निगम?
मलिक के खिलाफ दर्ज करूंगा मानहानि का केस
भानुशाली ने आगे कहा कि मैं मलिक के खिलाफ मानहानि का केस करूंगा। उन्होंने मेरी जिंदगी को खतरे में डाल दिया है। मैं प्रशासन से मुझे सुरक्षा मुहैया कराने का अनुरोध करूंगा।
क्या कहा था नवाब मलिक ने
बता दें कि एनसीपी नेता नबाव मलिक ने दावा किया था कि एनसीबी द्वारा क्रूज पर की गई छापेमारी में बीजेपी के उपाध्यक्ष और एक और निजी शख्स शामिल था। उन्होंने एनसीबी की छापेमारी को फर्जी और बॉलीवुड और महाराष्ट्र को बदनाम करने वाली बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा बॉलीवुड और महाराष्ट्र को बदनाम करने के लिए ऐसा करा रही है। मलिक ने कहा कि क्रूज पर छापेमारी के दौरान भाजपा कार्यकर्ता मनीष भानुशाली और एक प्राइवेट जासूस किरन पी गोसावी आर्यन खान सहित अन्य आरोपियों को क्रूस से खींचते हुए देखे गए। उन्होंने कहा कि आर्यन खान कि गिरफ्तारी फर्जी है।












Click it and Unblock the Notifications