मुंबई में कोरोना के केसों में भारी गिरावट, क्या उद्धव सरकार की लॉकडाउन रणनीति काम कर रही है?
शनिवार को मुंबई में कोरोना के 5,888 नए मामले सामने आए, जो कि पिछले 3 हफ्तों में एक दिन में मिले सबसे कम केस हैं।
मुंबई, 25 अप्रैल। कोरोना का कहर यदि सबसे ज्यादा किसी राज्य पर टूटा है तो वह महाराष्ट्र है, लेकिन आज महाराष्ट्र से एक अच्छी खबर सामने आई है। शनिवार को मुंबई में कोरोना के 5,888 नए मामले सामने आए, जो कि पिछले 3 हफ्तों में एक दिन में मिले सबसे कम केस हैं। इसके अलावा यह संख्या मुंबई में 4 अप्रैल को मिले एक दिन के सर्वाधिक केसों 11,163 केसों का लगभग 50% है। 19 अप्रैल के बाद मुंबई में रोजाना कोरोना के लगभग 8 हजार मामले सामने आ रहे थे। वहीं पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो वहां कोरोना के केसों में पहले के मुकाबले कमी देखने को मिल रही है। आज महाराष्ट्र में कोरोना के 67,160 नए मामले सामने आए।

शुक्रवार को मुंबई में कोरोना के 7,221 नए मामले दर्ज किए गए थे, जबकि शनिवार को मिले केस शुक्रवार के मुकाबले 20% कम हैं। वहीं, महाराष्ट्र में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की दर 50 से अधिक हो गई है, जो कि प्रशासन के लिए राहत भरी खबर है।
यह भी पढ़ें: मुंबई से दिल्ली ऑक्सीजन भेजने पर सुष्मिता का जवाब, कहा- आप भी मदद कर सकते हैं तो करें
इसके अलावा प्रति दिन के पॉजिटिविटी रेट में भी 3 प्रतिशत की कमी देखी गई है जो 18 से 15 पर पहुंच गया है। हालांकि कोरोना के कारण होने वाली मौतों में कोई खास कमी नहीं आई है, लेकिन कुल मिलाकर मौतों की संख्या कम हुई है। स्थानीय प्रशासन इसे एक जीत की तरह देख रहा है। गुरुवार को मुंबई में कोरोना के कारण 75 लोगों की मौत हुई जोकि पिछले साल जुलाई के बाद एक दिन में मौतों का सर्वाधिक आंकड़ा था, जबकि आज मुंबई में कोरोना से 71 लोगों की जान चली गई।
वर्तमान में मुंबई में 120 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं, जबकि शहर में 1,200 बिल्डिंगों को सील किया गया है। राज्य के सीएम उद्धव ठाकरे ने कोरोना के कहर को कम करने के लिये कठोर पाबंदियां लगा रखी हैं। हालांकि सरकार ने इसे लॉकडाउन करार नहीं दिया है। ये पाबंदिया राज्य में 1 मई तक रहेंगी।
राज्य में लगाई गईं कठोर पाबंदियों को लेकर 14 अप्रैल को उद्धव ठाकरे ने कहा था, 'आजीविका महत्वपूर्ण है लेकिन जिंदगी उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।' राज्य में केवल जरूरी चीजों के अलावा जिम, स्पा, थियेटर, मॉल, मार्केट सभी स्थानों को पूर्ण रूप से बंद किया गया है। महाराष्ट्र में कोरोना के केसों में कमी के चलते सीएम ठाकरे पाबंदियों को और बढ़ाने के बारे में भी विचार कर सकते हैं।
हालांकि सरकार द्वारा लगाई गईं पाबंदियों की भाजपा से लेकर उनकी सहयोगी पार्टी एनसीपी ने भी ठाकरे का विरोध किया है। वहीं उद्दोगपति आनंद महिंद्रा ने कहा कि लॉकडाउन के बजाय सरकार को स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने और मृत्यु दर में कमी लाने की ओर ध्यान देना चाहिए। लेकिन, इन पाबंदियों भारी संख्या में लोगों ने समर्थन भी किया है।












Click it and Unblock the Notifications