नेता की बीवी की 98 लाख की कार उड़ा ले गया बॉलीवुड का स्टंटमैन
मुंबई। बॉलीवुड फिल्मों में स्टंटमैन का काम करने वाला शमशेर खान रियल लाइफ में विलेन निकला। एक नेता की बीवी की 98 लाख की ऑडी चुराकर भाग रहा शमशेर खान चार घंटे बाद पुलिस की नाकेबंदी में धड़ा गया। उसके बाद उसने सुपरचोरों के गैंग का खुलासा किया।

तीन सुपरचोरों का गिरोह
वर्ली में ट्रैफिक पुलिस हेडक्वार्टर के नजदीक वीआईपी रेसिडेंशियल एरिया है। इसके एक बिल्डिंग में मुंबई के कई बड़े नेता और बिजनेसमैन रहते हैं।
इसी बिल्डिंग में घरेलू नौकर का काम करने वाले 35 साल के विजय वर्मा, 42 साल के कार डीलर अभय पाटिल और स्टंटमैन शमशेर खान ने मिलकर 98 लाख की कार चोरी को अंजाम दिया।
98 लाख की ऑडी कार बिल्डिंग में रहने वाले एक बड़े नेता और बिजनेमैन की बीवी आभा बाफना की थी।
शमशेर खान को इस काम के लिए दिए गए 2 लाख
शमशेर खान से कहा गया कि बिल्डिंग के कार पार्किंग में ऑडी खड़ी है जिसे लेकर वहां से भागना है। कार की चाबी विजय वर्मा से लेनी थी।
मंगलवार की रात में लगभग 1 बजे, विजय से कार की चाबी लेकर 98 लाख की ऑडी को स्टंटमैन शमशेर पार्किंग से उड़ा ले गया। इधर आभा बाफना को जैसे ही कार चोरी का पता चला, उन्होंने वर्ली पुलिस स्टेशन को तुरंत इसकी सूचना दी।
पुलिस पड़ी शमशेर के पीछे
सबकुछ प्लान के हिसाब से चल रहा था और कार को लेकर शमशेर नवी मुंबई जा रहा था। वहां इस कार को वह डीलर अभय पाटिल को सौंप देता लेकिन उससे पहले ही पुलिस के जाल में वह फंस गया।
वर्ली पुलिस थाना जब तक कार्रवाई करता तब तक कुर्ला पुलिस को कार चोरी के बारे में किसी ने सूचना दे दी। कुर्ला पुलिस को यह खबर मिली कि शमशेर खान ऑडी कार चुराकर अभय पाटिल को देने नवी मुंबई जा रहा है।
पुलिस ने की नाकेबंदी
सुबह के पांच बजे नवी मुंबई के रास्ते में आने वाले कपाड़िया नगर के पास पुलिस ने नाकेबंदी कर दी। पुलिस को डर था कि स्टंटमैन होने की वजह से शमशेर खान कुछ गड़बड़ कर सकता है इसलिए खास इंतजाम किया गया था।
शमशेर जैसे ही नाकेबंदी के पास आया, उसने कार रोकी। पुलिस ने उनको कार से उतरने को कहा और ऑडी चुराने के आरोप में हिरासत में ले लिया। शमशेर खान ने पहले कहा कि कार उनके पिता का है लेकिन थाने में उन्होंने अपना अपराध कबूल लिया।
सुपरचोरों का गिरोह हिरासत में
शमशेर खान ने पूछताछ के दौरान अजय वर्मा और अभय पाटिल का नाम उगल दिया जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ वर्ली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है।
शाहरुख, अक्षय के साथ काम कर चुके हैं शमशेर
स्टंटमैन शमशेर खान बॉलीवुड में शाहरुख खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन जैसे बड़े स्टार के साथ काम कर चुके हैं। फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के साथ उन्होंने काफी काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications