सिंधिया से बोली बाढ़ पीड़ित महिला-' हमारा कुछ नहीं होता है'
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चंबल के श्योपुर, मुरैना और भिंड के बाढ़ पीडि़तों से सिंधिया ने की मुलाकात
मुरैना, 27 अगस्त। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को चंबल अंचल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे। यहां मुरैना में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करते वक्त एक महिला ने सिंधिया से साफ शब्दों में कह दिया कि हमारा कुछ नहीं होता है। यह सुनकर सिंधिया भी हैरान रह गए। इतना ही नहीं बाढ़ पीड़ितों ने हाथ जोड़कर सिंधिया से निवेदन किया कि उन्हें कहीं और विस्थापित कर दिया जाए।
Recommended Video

सिंधिया ने किया श्योपुर, मुरैना और भिंड का दौरा
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को चंबल के श्योपुर, मुरैना और भिंड जिले का दौरा करने निकले। सिंधिया ने इन तीनों जिलों में बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया। सबसे पहले सिंधिया श्योपुर में पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद बाढ़ पीड़ितों से भी मुलाकात की। इसके बाद सिंधिया मुरैना के लिए रवाना हो गए।

सिंधिया के सामने हाथ जोड़ने लगे ग्रामीण
मुरैना पहुंचकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जब राहत शिविर में रह रहे ग्रामीणों के बीच पहुंचे तो ग्रामीण हाथ जोड़कर सिंधिया के सामने बैठ गए और आंखों से आंसू बहाने लगे। ग्रामीणों ने दुखी मन से कहा कि वे हर साल आने वाली इस बाढ़ से परेशान हो गए हैं इसलिए उन्हें कहीं और विस्थापित कर दिया जाए।

बाढ़ पीड़ित महिला ने सिंधिया से कह दिया कि हमारा कुछ नहीं होता है
जब ज्योतिरादित्य सिंधिया बाढ़ पीड़ितों से मिल रहे थे तो बाढ़ पीड़ितों में शामिल एक महिला ने सिंधिया को साफ शब्दों में कह दिया कि हमारा कुछ नहीं होता है आप आए हो इसलिए थोड़ा बहुत कुछ हो भी रहा है आपके जाने के बाद कुछ नहीं होगा, ऐसा कई बार हो चुका है। यह सुनकर ज्योतिरादित्य सिंधिया भी हैरान रह गए हालांकि उन्होंने महिला की बात सुनने के बाद वहां बैठी एक बुजुर्ग महिला से बातचीत करना शुरू कर दिया

जिला मुख्यालय पर ली अधिकारियों की बैठक
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद जिला मुख्यालय पर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाढ़ के हालातों के बारे में अधिकारियों से चर्चा की। इसके साथ ही अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों को लेकर पूरी जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जरूरतमंद बाढ़ पीड़ितों तक सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता जल्द से जल्द पहुंचाई जाए।

भिंड के चौम्हो गांव में पहुंचे सिंधिया
श्योपुर और मुरैना का दौरा करने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया भिंड के अटेर में स्थित चौम्हो गांव में पहुंच गए। चौम्हो गांव पहुंचते-पहुंचते रात हो गई। सिंधिया ने यहां रात के वक्त पहुंचकर चौम्हो गांव में मौजूद बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। सिंधिया ने मंच से खड़े होकर बाढ़ पीड़ितों को संबोधित भी किया।

चार चरणों में काम करने की सिंधिया ने कही बात
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हर जगह एक ही बात को बार-बार दोहराया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए 4 चरणों में काम किया जाएगा। सिंधिया ने बताया कि पहले चरण में बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे किया जाएगा और दूसरे चरण में सर्वे के बाद मुआवजा दिया जाएगा, तीसरे चरण में बाढ़ की वजह से नष्ट हो चुकी अधोसंरचना को फिर से बनाया जाएगा और चौथे चरण में स्वास्थ्य सुविधाएं समेत अन्य सुविधाएं बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध करवाई जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications