टेरर टैक्स नहीं देने पर दिनदहाड़े बदमाशों ने मारी 2 लोगों को गोली
मुरैना के अंबाह इलाके में रंगदारी नहीं देने पर दो बदमाशों ने दुकान पर बैठे दो लोगो को गोली मार दी
मुरैना, 9 जुलाई। मुरैना में दो बदमाशों ने टेरर टैक्स नहीं मिलने पर दुकान पर बैठे दो लोगों को गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से निकल भागे।

बदमाशों ने मांगी थी रंगदारी
बताया जा रहा है की अंबाह में स्थित चाहत ट्रेडर्स पर इलाके के दो बदमाश धर्मेंद्र तोमर और विवेक शर्मा पहुंचे थे। दोनों बदमाशों ने दुकान पर बैठे हुए इंद्र सिंह, बेताल और राहुल से रंगदारी मांगी। जब दुकान पर बैठे लोगों ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो बदमाश आक्रोशित हो गए।
पिस्टल निकालकर दिन दहाड़े मार दी गोली
रंगदारी के पैसे नहीं मिलने पर बदमाशों को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि बदमाशों ने पिस्टल निकाल ली और दुकान पर बैठे हुए लोगों को गोली मार दी। राहुल अग्रवाल और इंद्र सिंह परिहार को बदमाशों ने बिल्कुल नजदीक से गोली मारी।
गोली मारने के बाद बदमाश हो गए फरार
दोनों बदमाश धर्मेंद्र और विवेक ने गोली मारने के बाद मौके पर ही अपना दुपहिया वाहन छोड़ दिया और वहां से भाग गए। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अंबाह सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस मामले में धर्मेंद्र तोमर और विवेक शर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और दोनों ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बदमाशों को नहीं है बुलडोजर का खौफ
मुरैना में पुलिस प्रशासन द्वारा बदमाशों पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई पिछले दिनों लगातार की गई है लेकिन शनिवार को दिनदहाड़े दो लोगों को गोली मारने वाले इन बदमाशों को शायद बुलडोजर का खौफ बिल्कुल भी नहीं है यही वजह है कि उन्होंने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन बदमाशों के घरों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई करता है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications