Morena News: मुरैना और दतिया में सीएम मोहन यादव ने रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी संध्या राय के लिए मांगे वोट
सीएम मोहन यादव ने भिंड लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती संध्या राय के समर्थन में दतिया में रोड के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार के चुनाव कांग्रेस के पापों को सबक सिखाने का चुनाव है। कांग्रेस पार्टी ने 70 सालों तक पाप किए। इनके माथे पर कई कलंक हैं।
कांग्रेस पार्टी 70 सालों तक श्रीराम मंदिर निर्माण में अड़ंगे लगाती रही। भाजपा की सरकार में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं होगी। हम सनातन संस्कृति को बचाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। जनसभा को वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री व न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ नरोत्तम मिश्रा, पार्टी प्रत्याशी संध्या राय ने भी संबोधित किया।

70 साल तक दूर नहीं कर पाए गरीबी, आपस में लड़ाते रहे
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद से 70 सालों तक देश में शासन चलाया, लेकिन वे 70 सालों में देश की समस्याओं को खत्म नहीं कर पाए। भगवान श्रीराम खुले आसमान के नीचे विराजमान रहे, लेकिन कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर को लेकर हमेशा से देश के हिन्दू और मुसलमानों को लड़ाने का काम किया है। तीन तलाक के मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी लागू नहीं करवा पाए। कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से वोट बैंक की रही है। कांर्ग्रेस हमेशा से श्रीराम मंदिर निर्माण में अड़ंगे लगाती रही और जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी ने श्रीराम मंदिर निर्माण करवाया तो वे श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया और अब प्रदेश की जनता ही कांग्रेस को ठुकराएगी। कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के लोग भी शामिल नहीं हुए।
दतिया के विकास में नहीं रही कोई कमी
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि दतिया के विकास में कोई कमी नहीं रही। हर तरफ विकास ही विकास नजर आता है। यहां पर मां पिताम्बरा माई की ऐसी कृपा है कि जो काम उज्जैन में नहीं हुए उससे पहले दतिया में हो गए हैं। यहां पर मेडिकल कॉलेज बन गया, उज्जैन में अब बनेगा। इसी तरह यहां पर युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योग, कॉलेज सहित कई अन्य सौगातें भी दी गई हैं। यहां की बड़ी-बड़ी बिल्डिंग बताती हैं कि दतिया का परिदृश्य पूरी तरह बदल गया है।

भारत को शक्तिशाली राज्य बनाना है भाजपा को जिताएं
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि इस देश के नागरिकों का 2014 में पहला वोट पड़ा तो देश से आतंकवाद खत्म हो गया, दूसरा वोट पड़ा तो भगवान श्रीराम गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं। भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है और अब तीसरी बार वोट पड़ेगा तो भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बनेगा। अबकी बार तीसरी बार सरकार बनाना है, क्योंकि भारत को शक्तिशाली बनाना है, सनातन धर्म की जय-जयकार पूरी दुनिया में करवाना है, दुनिया में मानवता की पुनर्स्थापना और भारत का मान-सम्मान बढ़ाना है। इसके लिए भाजपा को जीतना जरूरी है। अबकी बार-400 पार लाना है।
मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने मुख्यमंत्री ने मांगा जनता का आशीर्वाद
देश को विकसित राष्ट्र बनाने, भारत माता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने, भारत को फिर से विश्व गुरु के आसन पर विराजित करने के संकल्पों की पूर्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के आह्वान के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना और दतिया में पार्टी के लोकसभा प्रत्याशियों के समर्थन में शुक्रवार को रोड शो किया।












Click it and Unblock the Notifications