UP News: शादी में दूल्हे के दोस्तों ने की ऐसी हरकत, भड़क गईं दुल्हन की सहेलियां और...
UP News: यूपी के मुरादाबाद में एक बारात में दूल्हे के दोस्तों ने कुछ ऐसा किया कि दूल्हा-दुल्हन पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट होने लगी। इस दौरान दोनों ओर से लात-घूंसे और बेल्टें चलीं, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
दोस्तों की करतूत से नाराज दूल्हा और दुल्हन खड़ा होकर तमाशा देखते रहे। बारात में मौजूद दोनों पक्षों के बड़े बुजुर्गों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। हालांकि मामला शांत होने के बाद दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंचे और एक दूसरे के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

दरअसल, मुरादाबाद जिले के हसनपुर इलाके में स्टैंड के पास स्थित एक मैरिज लॉन में रविवार को बारात आई थी। बताया जा रहा है कि बारात पहुंचने पर लड़की पक्ष के लोगों ने बारात का खूब स्वागत किया। इसके बाद द्वारपूजा की रस्म शुरू हुई।
इसी बीच बारात में शामिल होने आए दूल्हे के दोस्तों ने वहां पर मौजूद दुल्हन की सहेलियों को देखकर आपत्तिजनक कमेंट कर दिया। दूल्हे के दोस्तों द्वारा आपत्तिजनक कमेंट किए जाने के बाद दुल्हन की सहेलियां भड़क गईं।
इसी बीच वहां मौजूद दुल्हन के परिजनों को भी इसकी जानकारी हो गई। जब दूल्हे के दोस्तों को दुल्हन के परिवार वालों ने आपत्तिजनक टिप्पणी करने से रोका तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लात-घूंसे और बेल्ट चलने लगे जिसमें दूल्हे के दोस्त और दुल्हन के परिवार वाले और रिश्तेदार भी घायल हो गए।
दोनों पक्षों में मारपीट होने के चलते वहां पर अफरा तफरी मच गई और वहां मौजूद महिलाएं इधर-उधर भागने लगीं। थोड़ी देर बाद दोनों पक्षों के संभ्रांत लोग वहां पहुंचे और मामले को किसी तरह शांत कराया।
फिलहाल मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। वहीं दूल्हे के दोस्तों और दुल्हन पक्ष के लोगों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications