12वीं का रिजल्ट देखकर छात्र ने खुद को कमरे में किया बंद, पिता की बंदूक से गोली मारकर की आत्महत्या
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में छजलैट थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया,जब एक छात्र ने घर में रखी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मिली जानकारी के मुताबिक, युवक सीबीएसई 12वीं का छात्र था और कल उसका रिजल्ट आया था, जिसमें वह फेल हो गया था। इसके बाद उसने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
Recommended Video

लगातार दो बार हुआ था फेल
दरअसल, पूरा मामला छजलैट थाना क्षेत्र के सीकरी गांव का है, जहां पर एक इंटरमीडिएट के छात्र ने खुद को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार ली,परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को उसका रिजल्ट आया था, जिसमें वह फेल हो गया था। लगातार दो बार फेल होने के बाद वह डिप्रेशन में था, रिजल्ट आने के कुछ देर बाद ही उसने अपने आप को छत पर बने कमरे में बंद कर लिया था। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनने के बाद परिजन कमरे की तरफ दौड़े परिजनों ने देखा कि युवक लहूलुहान हालत में बेड पर पड़ा है, आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
छात्र कांठ रोड स्थित सीएनएस एकेडमी में इंटरमीडिएट का छात्र था, लगातार 2 बार फेल होने से छात्र डिप्रेशन में था। छात्र के पिता किसानी करते हैं व एक भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत है, जिसकी तैनाती सुल्तानपुर जनपद में है। घटना के बाद पुलिस अधिकारी व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची व वहां से सभी साक्ष्य जुटाए। एसपी देहात ने जानकारी देते हुए बताया कि छजलैट थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से गोली मार ली गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। विस्तृत जांच के बाद ही पता लग पाएगा कि आखिर घटना के पीछे वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications