मुरादाबाद: वकीलों का बवाल, डीएम को ऑफिस में घुसने नहीं दिया, पुलिस से झड़प
Moradabad news, मुरादाबाद। मुरादाबाद के कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हंगामा हो गया जब वकीलों ने डीएम को ऑफिस में जाने से रोक दिया और उनके साथ धक्का मुक्की की। इसके बाद पुलिस और वकील आमने-सामने आ गए और डीएम ऑफिस के सामने जमकर हंगामा हुआ।

रजिस्ट्री कार्यालय में बदलाव होने से नाराज थे
मुरादाबाद कलेक्ट्रेट परिसर जंग का मैदान बन गया, क्योंकि वकील पिछले कई दिनों से रजिस्ट्री कार्यालय में बदलाव होने से नाराज थे। वे डीएम ऑफिस के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे थे। सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब डीएम मुरादाबाद राकेश कुमार सिंह अपने ऑफिस में जाने लगे। ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे वकीलों ने शोर मचाते हुए डीएम का घेराव करते हुए और पीछे की तरफ धक्का देना शुरू कर दिया।

आधे घंटे तक चला हंगामा
इससे उनके साथ चल रही पुलिस हरकत में आ गईं और दोनों तरफ से एक-दूसरे को धक्का दिया जाने लगा। वकीलों की संख्या ज्यादा होने के कारण माहौल बिगड़ता देख अन्य थानों का पुलिस बल भी मौके पर बुला लिया गया, लेकिन उसके बाद भी वकील मानने को तैयार नहीं थे। वकील पुलिस के साथ भिड़ते रहे। आधे घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद भी प्रशासनिक अधिकारियों को ऑफिस में नहीं घुसने दिया गया। डीएम के साथ हुई धक्का-मुक्की के चलते पूरा कलेक्ट्रेट परिसर छावनी में बदल गया।












Click it and Unblock the Notifications