Mirzapur: शराब के पाउच से भरा बैग रेलवे स्टेशन पर छोड़कर भागा युवक, बम समझकर घंटों परेशान हुई पुलिस
मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रविवार को लावारिस बैग मिलने से सनसनी फैल गई। हालांकि जब बैग खोला गया तो उसमें शराब की बोतलें भरी हुई मिलीं।

Mirzapur रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रविवार की सुबह में लावारिस बैग मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद जीआरपी तत्काल एक्टिव हुई और उक्त स्थान को सील करने के साथ ही अधिकारियों को सूचना दिया गया। लावारिस बैग में विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु होने की सूचना से यात्री भी परेशान दिखाई दिए। हालांकि बाद में बम निरोधक दस्ता पहुंचा और बैग खोला गया तो उसमें शराब के पाउच रखे हुए पाए गए।

घंटो तक घेराबंदी किए रहे जवान
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि रविवार की सुबह में मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर लाल रंग का एक लावारिस हाल में रखा गया ट्राली बैग देखा गया। ट्रॉली बैग मिलने के बाद कई बार अनाउंस कराया गया लेकिन उस ट्रॉली बैग को लेने के लिए कोई भी व्यक्ति नहीं आया। ऐसे में किसी अनहोनी और उसमें विस्फोटक सामग्री होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर तैनात जवानों द्वारा अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद वहां पर तत्काल जीआरपी आरपीएफ और कटरा कोतवाली पुलिस भी पहुंची। बैग में संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए उस स्थान को तत्काल सील कर दिया गया।
वाराणसी से पहुंचा बम निरोधक दस्ता
मिर्जापुर जिले के आला अधिकारियों द्वारा इसकी सूचना तत्काल वाराणसी जिले के अधिकारियों को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी से बम विरोधक दस्ते को तत्काल मिर्जापुर के लिए रवाना किया गया। मिर्जापुर में पहुंचने के बाद बम निरोधक दस्ते द्वारा आसपास खड़े लोगों को पहले वहां से दूर किया गया। उसके बाद स्कैनिंग मशीन से जब बैग को स्कैन किया गया तो पता चला कि बैग में किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं है। उसके बाद बम निरोधक दस्ते द्वारा बैग को खोला गया तो उसमें 8 पीएम शराब के पाउच भर कर रखे गए थे। बैग में शराब बरामद होने के बाद वहां पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने राहत की सांस ली। बैग को कब्जे में लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
बैग रखने वाले की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि बिहार में शराबबंदी होने के बाद मिर्जापुर से बैग में शराब लेकर तस्कर बिहार जाने वाला रहा होगा, लेकिन मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर किए जा रहे जांच-पड़ताल को देखने के बाद वह बैग छोड़कर फरार हो गया होगा। फिलहाल इस मामले में सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि जैकेट पहना हुआ एक युवक बैग को लेकर रेलवे स्टेशन पर पहुंचा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैग और उसमें मिली शराब को कब्जे में ले ली गई है। सीसीटीवी के आधार पर बैग रखकर फरार होने वाले की तलाश की जा रही है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications