यूपी: मामूली भिड़ंत पर हुआ विवाद, बोलेरो वालों ने खड़े-खड़े फूंक दी बाइक, वीडियो
मिर्जापुर। यूपी में मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के शुक्लहा के पास बीती रात बोलेरो के धक्के के बाद बाइक सवारों से मारपीट हो गई। बाइक सवारों ने बोलेरो वाले को पीट दिया। इसके बाद बोलेरो वालों ने बाइक वालों की पिटाई करने के साथ बाइक में आग लगा दी। इससे बाइक धू-धू कर जलने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क की बैरिकेडिंग करा ट्रैफिक शुरू कराया। वहीं, आग बुझाने के लिए फायर बिग्रेड बुलानी पड़ी।

बारात से लौट रहे बाइक सवार
जानकारी के मुताबिक, देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा गांव निवासी अभिषेक त्रिपाठी की बाइक में एक बोलेरो का धक्का लग गया। जिसके बाद अभिषेक अपने साथियों को बुलाकर बोलेरो वाले की पिटाई कर दी। बोलेरो वाले ने भी अपने साथियों को बुलाया। इसके बाद बोलेरो चालकों के साथियों ने अभिषेक की पिटाई कर दी। वहीं, उसकी बाइक में भी आग लगा दी। इसके बाद सभी वहां से फरार हो गए। आग लगने से रास्ते पर आवागमन बाधित हो गया। रास्ते से गुजर रहे शहर कोतवाल अरुण यादव ने बैरिकेडिंग कर यातायात शुरू कराया। जब तक मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया।
दोनों पक्षों पर कार्रवाई
कटरा कोतवाल भुनेश्वर पांडेय ने बताया कि बोलेरो से हल्की साइड टक्कर लगने के कारण विवाद शुरू हुआ। बोलेरो चालक की पिटाई करने के मामले में बरकछा निवासी अभिषेक त्रिपाठी, वीरु दुबे और धीरु दुबे समेत अज्ञात और बाइक जलाने के मामले में विसुंदरपुर निवासी अभिषेक यादव और शुक्लहा निवासी रामा यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications