मिर्जापुर : जहरीले सांप से लड़कर Jimmy ने बचाई मालिक की जान, हैरान हैं लोग
मिर्जापुर में मालिक की जान बचाने के लिए एक पालतू कुतिया जहरीले सांप से भिड़ गई, करीब दस मिनट बाद कुतिया ने सांप को काट काटकर मार डाला। इस बात की जानकारी होने के बाद ग्रामीण उस बहादुर कुतिया को देखने के लिए पहुंच रहे हैं।
मिर्जापुर, 28 अगस्त: मिर्जापुर में एक पालतू कुतिया की वफादारी की चर्चा चारों तरफ चल रही है। पालतू कुतिया मालिक की जान को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर जहरीले सांप से भिड़ गई और करीब 10 मिनट तक लड़कर उसे मार डाला। इस दौरान जहरीले सांप ने भी कुतिया को कई जगह डंस लिया, हालांकि पालतू कुतिया अब सुरक्षित है। इस बात की जानकारी होने के बाद ग्रामीण उस बहादुर कुतिया को देखने के लिए पहुंच रहे हैं।

काम में व्यस्त था परिवार
दरअसल यह मामला मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना अंतर्गत तिलठी गांव का है। गांव के रहने वाले प्रवेश दुबे एक फीमेल डॉगी पाल रखे हैं, जिसको प्यार से लोगा जिम्मी बुलाते हैं। प्रवेश दुबे के अनुसार गुरुवार को उनकी पत्नी घर में कुछ काम कर रही थी जबकि प्रवेश दुबे मोबाइल से कुछ आवश्यक काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी दौरान जिम्मी के भौंकने की आवाज आई। जिम्मी लगातार भौंकने लगी। ऐसे में प्रवेश वहां पहुंचे तो देखा कि जिम्मी जहरीले सांप से लड़ रही है।

डर के मारे भाग गए बाहर
प्रवेश दुबे के अनुसार करीब 8 फीट का जहरीला सांप देख कर वे भी डर गए और बाहर भाग निकले। हालांकि जिम्मी जहरीले सांप से लड़ती रही और अंत में जिम्मी ने सांप को काट काट कर मार डाला। करीब दस मिनट बाद प्रवेश दुबे कमरे में पहुंचे तो वहां पर जहरीला सांप मृत पड़ा हुआ था। उसके बाद उन्होंने मृत सांप को बाहर खेत में फेंक दिया। इस बात की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण जिम्मी को शाबासी दे रहे हैं, वहीं आसपास के गांव के लोग भी जिम्मी को देखने के लिए पहुंच रहे हैं।

पशु डॉक्टर से बात कर कराएंगे जिम्मी का इलाज
प्रवेश दुबे ने कहा कि जिम्मी को भी जहरीले सांप ने कई जगह डंस लिया है, ऐसे में पशु चिकित्सक से बात करके जिम्मी का भी उपचार कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिम्मी को वह बच्चे की तरह मानते हैं और जिम्मी ने भी अपनी वफादारी का परिचय दिया है। अब जिम्मी को और अच्छी सुविधाएं दी जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications