UP News: नहर में गिरी बाइक, शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की मौत, रात भर नहर में पड़े रहे
UP Mirzapur News: मीरजापुर जिले में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौटते समय तीन युवक नहर में गिर गये। रातभर नहर में गिरकर गंभीर रूप से घायल होने से तीनों युवकों की मौत हो गई।
UP Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में शादी समारोह में शामिल होने के बाद रात में बाइक से अपने घर वापस लौट रहे तीन युवक बाइक समेत नहर में गिर गए। नहर में गिर कर चोटिल होने और देर तक उसी अवस्था में पड़े रहने के चलते तीनों युवकों की मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस तीनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। वहीं इस घटना से मृतकों के गांव और परिवार में मातम का माहौल है। तीनों मित्र की शादी में शामिल होने के लिए गए थे और रात में एक ही बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे।

जानकारी अनुसार मिर्जापुर जनपद के पचोखरा गांव के रहने वाले राजू के पुत्र विकास की बुधवार को शादी थी। बारात पचोखरा से पटेहरा गांव में गई थी। इसी शादी में शामिल होने के लिए पचोखरा गांव के रहने वाले 20 वर्षीय मनीष 21 वर्षीय रामबाबू और 21 वर्षीय प्रमोद आदि तीन युवक एक ही बाइक से पटेहरा गए थे।
बारात में शामिल होने के बाद जब द्वार पूजा आदि संपन्न हो गया उसके बाद मनीष रामबाबू और प्रमोद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रात में लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में चली गई जहां गिरकर तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल होने के बाद तीनों घायल अवस्था में ही नहर में छटपटाते रहे। रात होने के चलते किसी को जानकारी नहीं हुई और तीनों युवक नहर में ही पडेप रहे हालांकि नहर में पानी नहीं था लेकिन गहराई अधिक होने के चलते तीनों गंभीर रूप से घायल हुए थे।
सुबह में ग्रामीण जब नित्य क्रिया के लिए बाहर निकले तो उन्होंने नहर में गिर कर घायल हुए युवकों को देखा। उसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दिया सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव में पहुंची और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
स्थानीय लोगों द्वारा यह भी बताया गया कि पटेहरा मोड़ के समीप आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है और बीते 2 माह के अंतराल में कई लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल युवकों की मौत हो जाने के बाद तीनों के परिवार में मातम पसरा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications