मामूली बात पर अपना दल(एस) के नेता की कनपटी पर रख दी बंदूक और सामने ही भाई को चाकू से मारा, मौत
मिर्जापुर। यूपी के मिर्जापुर में एक बड़ा मामला सामने आया है। जिले के कछवां थाना क्षेत्र के विदापुर गांव में शुक्रवार की रात दबंगों ने अपना दल(एस) के युवा विधानसभा अध्यक्ष हर्षित सिंह पर पिस्टल सटाकर उनके चचेरे भाई विपिन पटेल को चाकू मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। देर रात उपचार के दौरान घायल विपिन की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

बाइक से छूने पर हुआ विवाद
दरअसल शुक्रवार की रात आठ बजे हर्षित सिंह अपने भाई विपिन पटेल एवं आकाश पटेल के साथ पैदल घर की तरफ जा रहे थे। तभी बाइक सवार दो लोग सामने से बाइक हाथ में टच कर तेज रफ्तार से निकले। विरोध करने पर बाइक सवार रुक गए। बाइक सवारों का बगल में ही घर था। जिससे दबंगई दिखाते हुए गाली-गलौज करने लगे।
पिस्टल सटाकर मारा चाकू
विवाद बढ़ने पर दबंग दौड़ते हुए घर गए और तीन लोग चाकू, पिस्टल व डंडा के साथ हर्षित पटेल को घेर लिया। हर्षित को पिस्टल सटाकर चचेरे भाई आकाश पटेल को लाठी डंडे से बुरी तरह पीटने लगे। विपिन पटेल के विरोध करने पर उसको भी चाकू मारकर लहुलूहान कर दिया। घायल विपिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications